राजस्थान की 98 लाख 60 हजार महिलाओं को आज बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन से विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 1320 करोड़ रुपये भेजने वाले हैं। सीएम DBT के माध्यम से आज 19 नवंबर को दोपहर 12 बजे के बाद यह पैसा ट्रांसफर करेंगे।
भजनलाल सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर राजस्थान के धौलपुर में आज महिला सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। इस कार्यक्रम के जरिए सीएम महिलाओं को बड़ी सौगात देंगे। कार्यक्रम में अलग-अलग पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 91 लाख लाभार्थियों के खाते में 1100 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे। इसके अलावा पालनहार योजना के तहत 5.95 लाख लाभार्थियों के खाते में 103 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे।
लखपति दीदियों को मिलेगा तोहफा
धौलपुर से मुख्यमंत्री लखपति दीदियों को भी बड़ा तोहफा देने जा रहे हैं। 5000 लखपति दीदियों को राजस्थान सरकार की ओर से 100 करोड़ रुपये तक का लोन देकर आर्थिक मदद की जाएगी। इसके अलावा लखपति दीदियों, कृषि सखियों और पशु सखियों को मुफ्त टैबलेट वितरित भी किए जाएंगे।
छात्र-छात्राओं के खाते में आएगा पैसा
महिलाओं के लिए छात्राओं के खाते में भी आज पैसा आने जा रहा है। मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना में 5000 छात्राओं के खाते में 2.5 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना में 1.55 लाख छात्रों को स्कॉलरशिप के तौर पर 15 करोड़ रुपये मिलने वाले हैं।
क्या है पालनहार योजना
राजस्थान पालनहार योजना के अंतर्गत अनाथ, निराश्रित, कुष्ठ रोगी, विधवा या विशेष श्रेणी के बच्चों को उनके परिवार या रिश्तेदारों के यहां रखकर मूलभूत सुविधाओं के लिए आर्थिक मदद देना होता है। 5 साल तक के बच्चों के लिए 500 रुपये हर महीने दिए जाते हैं। जबकि स्कूल जाने वाले बच्चों (18 साल तक या 12वीं पास करने तक) 1000 रुपये हर महीने दिए जाते हैं।
इन पेंशन योजनाओं का पैसा आज खाते में आएगा
राजस्थान का समाज कल्याण विभाग विभिन्न तरह की पेंशन योजनाएं चलाता है। इनमें वृद्धजन पेंशन योजना , विशेष योग्यजन पेंशन स्कीम , एकल नारी पेंशन स्कीम , कृषक वृद्धजन पेंशन स्कीम शामिल हैं। इन योजनाओं का लाभ 91 लाख से ज्यादा लाभार्थियों को मिल रहा है। इनमें 23.48 लाख महिलाएं एकल नारी पेंशन स्कीम की लाभार्थी हैं।