Indonesia bus accident in Semarang: इंडोनेशिया के सेंट्रल जावा प्रांत के सेमारांग शहर में सोमवार तड़के क्राप्याक टोल एग्जिट के पास एक भयंकर बस हादसा हुआ है. इस दुर्घटना में 16 लोगों की मौत हो गई और 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के समय बस तेज रफ्तार में थी और चालक कंट्रोल खो बैठा था बस सड़क के रोड बैरियर से टकराकर पलट गई.
सेमारांग सर्च एंड रेस्क्यू ऑफिस के प्रमुख बुडियोनो ने बताया कि बचाव अभियान काफी कठिन था. कई पीड़ित बस के अंदर फंसे हुए थे और टूटे हुए शीशों के कारण उन्हें बाहर निकालना मुश्किल हो गया था. बचाव दल को पलटी हुई बस के अंदर जाकर रास्ता बनाना पड़ा और पीड़ितों को बड़ी सावधानी से बाहर निकाला गया है. इस कठिन बचाव कार्य में रेस्क्यू टीम ने पूरी मेहनत दिखाई है.
चल रही है घटनास्थल की जांच
स्थानीय समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, सभी घायलों और मृतकों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया गया है और उन्हें आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. अधिकारी अभी भी घटनास्थल की पूरी तरह से जांच कर रहे हैं ताकि दुर्घटना की सटीक वजह का पता लगाया जा सके. शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस की तेज रफ्तार और चालक का कंट्रोल खो देना हादसे की मुख्य वजह हो सकती है.
जकार्ता में भी हुआ था ऐसा हादसा
यह हादसा जकार्ता में एक घर में आग लगने से पांच लोगों की मौत के कुछ ही दिनों बाद हुआ है. जकार्ता रीजनल डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी के प्रमुख इस्नावा अदजी ने बताया कि गुरुवार रात करीब 8:10 बजे एक रिहायशी घर में आग लगी थी. फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों की मदद से आग को रात 11 बजे तक काबू में कर लिया गया है.
अदजी ने आगे बताया कि यह घर एक्सेसरीज बनाने के वेयरहाउस के रूप में भी इस्तेमाल होता था. शुरुआती जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. दोनों ही घटनाओं ने स्थानीय लोगों में गहरी चिंता और दुख पैदा कर दिया है. अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है.