मां लक्ष्मी को भी एक बार होना पड़ा था कंगाल! दिलचस्प है श्राप से जुड़ी ये पौराणिक कथा

Maa Lakshmi Shrap Katha: वैसे तो ये सभी जानते हैं मां लक्ष्मी की धन की देवी के रूप में स्वीकार किया गया है. कहते हैं कि जीवन में धन और ऐश्वर्य के लिए धन की देवी मां लक्ष्मी की उपासना सर्वोत्तम है. पौराणिक कथाओं में ऐसा जिक्र मिलता है कि एक बार धन की देवी मां लक्ष्मी को भी कंगाल होना पड़ा था. हालांकि, आज के समय में भी इस बात कई लोग अनजान हैं. विष्णु पुराण में एक कथा आई है कि जिसमें उल्लेख है कि एक बार मां लक्ष्मी को उनकी भूल के कारण धरती पर जन्म लेना पड़ा. ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर किसके श्राप की वजह से धन की देवी एक बार कंगाल हो गई थीं.

भगवान विष्णु के साथ धरती पर आईं देवी लक्ष्मी
पौराणिक कथा के अुसार, एक बार भगवान विष्णु ने सोचा कि वे पृथ्वी पर जाकर अपने भक्तों का जीवन करीब से देखेंगे. यह बात उन्होंने देवी लक्ष्मी को भी बताई. लक्ष्मी जी भी बहुत उत्साहित हुईं और उनके साथ धरती लोक पर आने की इच्छा जताई. लेकिन, भगवान विष्णु ने उनसे एक वचन लिया कि वे धरती की किसी भी वस्तु को स्पर्श नहीं करेंगी और सिर्फ दूर से ही प्रकृति का आनंद लेंगी. लक्ष्मी जी ने सहमति दे दी और वे दोनों पृथ्वी पर आ गए.

वर्षा ऋतु और गुलाब की ओर खिंच गईं लक्ष्मी जी

जब वे धरती पर पहुंचे, तो उस समय वर्षा ऋतु थी और वातावरण हरियाली से भरा हुआ था. चारों ओर का मनोहर दृश्य देखकर लक्ष्मी जी बहुत प्रसन्न हुईं. घूमते-घूमते वे एक सुंदर बगीचे में पहुंचीं, जहां खिले हुए गुलाबों की सुगंध ने उनका मन मोह लिया. वे खुद को रोक न सकीं और एक गुलाब तोड़ लिया.

विष्णु जी का क्रोध और श्राप

भगवान विष्णु ने जब यह देखा, तो वे नाराज हो गए. उन्होंने कहा, “देवी! मैंने आपको चेतावनी दी थी कि धरती की किसी वस्तु को न छुएं. यह बगीचा मेरे एक भक्त का है, जिसकी रोजी-रोटी इसी पर निर्भर है. आपने उसकी मेहनत की अनदेखी कर दी.” देवी लक्ष्मी ने अहंकार में उत्तर दिया कि यह तो केवल एक फूल है, इतना मूल्यवान नहीं. अगर चाहें तो वे उस भक्त को अपार धन-वैभव प्रदान कर सकती हैं.

भगवान विष्णु उनकी बात सुनकर और भी क्रोधित हो गए. उन्होंने कहा कि लक्ष्मी जी को अब खुद धन और मेहनत का महत्व समझना होगा. इसलिए उन्होंने उन्हें श्राप दिया कि वे अपना ऐश्वर्य खो देंगी और एक साधारण कन्या बनकर उसी माली के घर में रहेंगी.

माली की बेटी बनकर आईं मां लक्ष्मी

भगवान विष्णु के श्राप के प्रभाव से देवी लक्ष्मी एक छोटी बच्ची के रूप में बदल गईं और बगीचे में रोने लगीं. तभी माली आया और उसे देखकर भावुक हो गया. उसने उस कन्या को अपनी बेटी के रूप में घर ले गया. माली की पत्नी भी बेटी पाकर प्रसन्न हो गई. लक्ष्मी जी जैसे-जैसे उस जीवन में रहीं, उन्होंने मेहनत और धन के वास्तविक मूल्य को समझा. उनकी उपस्थिति से धीरे-धीरे माली का भाग्य चमकने लगा और उसका जीवन सुख-समृद्धि से भर गया. कहते हैं कि समय पूरा होने पर भगवान विष्णु माली के घर पहुंचे और सारी कथा बताई. भगवान विष्णु देवी लक्ष्मी को अपने साथ फिर से वैकुंठ ले गए.

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.