पटना : Bihar Cold Wave Alert: बिहार में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है. राजधानी पटना में बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. कक्षा आठ तक के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है. जानिए क्या है पूरा मामला और क्यों उठाया गया यह कदम…
पटना में स्कूल बंद करने का आदेश
पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने बुधवार को आदेश जारी किया कि 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक कक्षा आठ तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे. इस आदेश में आंगनबाड़ी केंद्र भी शामिल हैं. प्रशासन का कहना है कि छोटे बच्चों को ठंड से बचाना प्राथमिकता है.
बड़ी कक्षाओं के समय में बदलाव
पढ़ाई पूरी तरह बाधित न हो, इसके लिए आठवीं से ऊपर की कक्षाओं का समय बदल दिया गया है. अब इन कक्षाओं की पढ़ाई सुबह 10 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक होगी. यह बदलाव बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया है.