पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे सम्राट चौधरी रायफल के साथ रिवॉल्वर भी रखते हैं। दरअसल, उन्होंने अपनी संपत्ति और देनदारियों का ताजा ब्योरा सार्वजनिक किया। 15 दिसंबर 2025 तक के डेटा के अनुसार सम्राट चौधरी न केवल करोड़ों की अचल संपत्ति के मालिक हैं, बल्कि हथियारों और लग्जरी गाड़ियों के मामले में भी उनकी अपनी पसंद है ।
नकदी के बैंक-बैलेंस भी जानें
घोषणा पत्र के मुताबिक सम्राट चौधरी के पास एक लाख 35 हजार नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी कुमारी ममता के पास 35 हजार रुपए की नकदी मौजूद है। बैंक जमा के मामले में उपमुख्यमंत्री के एसबीआई और एचडीएफसी खातों में लगभग 17.45 लाख रुपए जमा हैं। वहीं, उनकी पत्नी के एचडीएफसी बैंक खातों में करीब 7 लाख रुपए की राशि जमा है ।
फंड-बीमा में लाखों का निवेश
सम्राट चौधरी ने म्यूचुअल फंड और बीमा में भी निवेश किया है। उनके पास फ्रैंकलिन इंडिया, एचडीएफसी मिडकैप और निप्पॉन इंडिया जैसे फंड्स में लगभग 31.83 लाख रुपए का निवेश है। इसके अलावा, उनकी पत्नी कुमारी ममता के नाम पर 18.45 लाख रुपये की ‘सुकन्या योजना’ और विभिन्न एलआईसी पॉलिसियों में बड़ा निवेश दिखाया गया है। उनके बेटे प्रणय प्रियम चौधरी के नाम पर 25 लाख रुपए की एचडीएफसी लाइफ पॉलिसी है ।
हथियारों और गाड़ियों के शौकीन सम्राट
उपमुख्यमंत्री को हथियारों का भी शौक है। उनके पास 4 लाख रुपए की एक एनपी बोर राइफल और पिता शकुनी चौधरी से उपहार में मिला 2 लाख रुपए का रिवॉल्वर है। वाहनों की बात करें तो उनके पास वर्ष 2023 मॉडल की एक बोलेरो नियो (Bolero Neo) है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपए बताई गई है।
करोड़ों की जमीन के साथ मकान
सम्राट चौधरी के पास अचल संपत्ति का बड़ा हिस्सा है। उनके नाम पर कुल 4,91,50,000 रुपए (4.91 करोड़) की गैर-कृषि भूमि है। कृषि भूमि का विवरण अलग एनेक्सचर में दिया गया है। उनकी पत्नी कुमारी ममता के नाम पर पटना के गोला रोड स्थित ‘रेखा एन्क्लेव’ में 1450 स्क्वायर फीट का एक अपार्टमेंट है, जिसे 2012 में 29 लाख रुपए में खरीदा गया था। सोने के आभूषणों के मामले में पति-पत्नी दोनों के पास बराबर की संपत्ति है। सम्राट चौधरी और उनकी पत्नी दोनों के पास 200-200 ग्राम सोना है, जिसकी वर्तमान कीमत 20-20 लाख रुपए आंकी गई है। कुमारी ममता के पास 75 हजार रुपए की 500 ग्राम चांदी भी है।