छत्तीसगढ़ में चाइनीज मांझे पर लगा प्रतिबंध, सरकार ने जारी किया आदेश, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

रायपुर: मकर संक्रांति पर होने वाली पतंगबाजी को लेकर छत्तीसगढ़ में बिकने वाले चीनी मांझे को पूरी तौर पर प्रतिबंधित कर दिया गया है. चीनी मांझा उपयोग में नहीं लाना है इसके लिए सरकार ने आदेश जारी कर दिया है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद राज्य में कड़ाई से इसके पालन करने का निर्देश दिया गया है.

मुख्यमंत्री ने लोगों से की अपील
इस आदेश को लेकर सीएम साय ने लोगों से चाइनीज मांझे का उपयोग नहीं करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति के पर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों से अपील है कि वे पतंगबाजी के उल्लास पर्व को सुरक्षित और जिम्मेदार तरीके से मनाएं. चाइनीज मांझे से होने वाले दुर्घटनाएं चिंताजनक है. इसलिए इसका प्रयोग राज्य में पूरी तरह से प्रतिबंधित किया गया है.

सीएम साय ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि चीनी मांझा प्रतिबंधित है. इसका उपयोग न केवल कानूनन अपराध है बल्कि यह आमजन पक्षियों राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इस संबंध में सभी पदाधिकारी प्रतिबंध का कड़ाई से पालन करेंगे. अधिकारी इसकी मॉनिटरिंग करें और इस पर पूरे तरीके से रोक लगाएं.

चाइनीज मांझे को लेकर जांच के निर्देश
सीएम साय ने चाइनीज मांझे को लेकर अहम निर्देश जारी किया है. उन्होने कहा कि सभी जिलों में इसकी सघन जांच होनी चाहिए. इसके लिए व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाया जाना चाहिए. जिससे नागरिकों को इसके खतरे और कानूनी प्रावधान की पूरी जानकारी मिल सके. मकर संक्रांति को लेकर इस मांझे से होने वाली दुर्घटना बेहद चिंताजनक है और मुख्यमंत्री ने इसे लेकर सभी पदाधिकारी को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री न हो, इसके खिलाफ कड़ाई से कार्रवाई की जाए.

चाइनीज मांझे से रायपुर में हादसा
छत्तीसगढ़ में चाइनीज मांझे से दुर्घटना हो चुकी है. रविवार को चाइनीज मांझे से एक लड़की घायल हो गई थी. उसके होठ और नाक कट गए थे. मकर संक्रांति पर होने वाली पतंग बाजी को लेकर कई बार लोग चाइनीज मांझे का उपयोग करते हैं जो बहुत खतरनाक होता है. इस मांझे की चपेट में आने से कई लोगों की जान भी गई है और बहुत से लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं.