Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर से एक चिंता पैदा करने वाली खबर सामने आई है. केरी सेक्टर के डूंगा गली इलाके में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) के पास कई ड्रोन देखे जाने की जानकारी मिली है. बताया जा रहा है कि मंगलवार रात को आसमान में ये ड्रोन नजर आए हैं. इस घटना के बाद सुरक्षा बल तुरंत हरकत में आ गए हैं. सेना के जवानों ने हवा में मंडरा रहे ड्रोन पर तुरंत कार्रवाई की.
जवानों ने दुश्मन देश की ओर से आ रहे इन ड्रोन को गिराने के लिए कार्रवाई करते हुए गोलियां चलाई हैं. वहीं, किसी भी संभावित सामान को गिराए जाने की जांच के लिए एक बड़ा सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. जानकारी दें कि राजौरी सेक्टर में 48 घंटे के अंदर यह दूसरी ऐसी घटना है. इन दोनों घटनाओं के बाद LoC और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है. इस घटना को देखते हुए सुरक्षा के उपायों को और मजबूत किया जा रहा है और सेनाओं को हाई अलर्ट पर रखा गया है.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार दिखे ड्रोन
गौरतलब है कि पिछले साल मई में ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहला मौका है जब भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन देखे गए हैं. पाकिस्तान की ओर से इन हरकतों ने चिंता बढ़ा दी है. इससे पहले आज कठुआ में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिलने के बाद सेना के जवानों ने सर्च ऑपरेशन चलाया. इस दौरान सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ भी हुई.
रविवार को भी नजर आए थे ड्रोन
उल्लेखनीय है कि इससे पहले रविवार को भी राजौरी में कई ड्रोन नजर आए थे. इनमें से एक सांबा के रामगढ़ सेक्टर के चक बबरल गांव के ऊपर कुछ देर तंर मंडराता रहा था. वहीं, इससे पहले नौशेरा, पूंछ और सांबा सेक्टर में भी इसी तरीके की ड्रोन गतिविधियां नजर आई थीं.
सेना प्रमुख की पाक को चेतावनी
मंगलवार को सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को चेतावनी दी थी कि किसी भी गलत हरकत का उसे मुंहतोड़ जवाब मिलेगा. अपने बयान में उन्होंने पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलताओं को भी याद किया और कहा कि ऑपरेशन अभी भी जारी है.