मैं कूद जाऊंगी…पर ससुराल नहीं जाऊंगी! बिहार में परेशान महिला चढ़ी टावर पर, 5 घंटे काटा बवाल

पूर्वी चम्पारण: जिले के हरसिद्धि थानाक्षेत्र से एक बेहद ही अनोखा मामला हुआ. शनिवार सुबह एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई और ऊपर से नीचे कूदने की धमकी देने लगी. महिला की इस ऊटपटांग हरकत पर आस पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने महिला को सही सलामत नीचे उतारने की काफी कोशिश की. अंत में करीब पांच घंटे तक चली बात चीत के बाद महिला टावर से नीचे उतरी.

पूर्वी चम्पारण के हरसिद्धि का मामला
बता दें कि यह पूरा मामला सूबे के पूर्वी चंपारण अंतर्गत आने वाले हरसिद्धि थानाक्षेत्र स्थित हरसिद्धि बाजार का है. जहां शनिवार सुबह करीब छह बजे एक महिला मोबाइल टावर पर चढ़ गई. टावर पर चढ़ने के बाद वो वह ऊपर से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगी. जिसे देख और सुन स्थानीय लोगों की भीड़ वहां जमा होने लगी. घटना की सूचना पाकर मौके पर हरसिद्धि के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और स्थानीय थाना की पुलिस रेस्क्यू टीम के साथ पर पहुंची.

टावर पर आत्महत्या की धमकी
सब ने महिला को टावर से उतरने के लिए कहा, लेकिन महिला किसी की भी सुनने के मूड में नहीं थी. वह बार बार टावर से नीचे कूद जाने की धमकी देती रही. करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह से उसे नीचे उतारा गया. मिली जानकारी के अनुसार महिला हरसिद्धि निवासी भरत प्रसाद की पुत्री है. वह अपने मायके आई है. उसकी शादी पश्चिम चंपारण जिले के मुख्यालय बेतिया में हुई है.

ससुराल वालों से नाराज चल रही है महिला
टावर पर चढ़ने के कारण का स्पष्ट तौर पर तो पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर सामने आई जानकारी में बताया गया है कि करीब एक साल पहले उसकी शादी बेतिया में हुई. जब वह गर्भवती हुई तो उसकी तबीयत खराब रहने लगी. इस स्थिति में ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे उसके मायके हरसिद्धि छोड़ दिया. बाद में महिला ने एक पुत्र को जन्म दिया. बावजूद इसके ससुरवाले उसका ख्याल नहीं रखते थें. बस इसी बात से इससे निराश चल रही महिला ने शनिवार की सुबह घर के बगल में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ने का फैसला लिया.