शिमला. हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में ठियोग के पास सोमवार को एक ट्रक के खाई में गिर जाने से उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक महिला की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया मृतक की पहचान नीटू (30) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरपुर का रहने वाला था. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना सोमवार दोपहर करीब 3:40 बजे जैस गांव के पास हुई, जब चंडीगढ़ से कोटखाई जा रहा एक ट्रक चालक द्वारा वाहन पर से नियंत्रण खो देने के कारण खाई में गिर गया.
इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 23 अन्य घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने दुर्घटना के बारे में तुरंत पुलिस को सूचित किया.इसके बाद थिओग से पुलिस की एक टीम जिला प्रशासन के साथ मौके पर पहुंची और घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला. घायलों को तुरंत इलाज के लिए थिओग के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में उन्हें बेहतर उपचार के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) में स्थानांतरित कर दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है.
बताया जा रहा है कि ठियोग-छैला-हाटकोटी राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह हादसा हुआ. मजदूरों से भरे 407 ट्रक के ब्रेक फेल होने के बावजूद चालक की सूझबूझ और त्वरित निर्णय से वाहन गहरी खाई में गिरने से बच गया, जिससे 23 लोगों की जान बच गई. हादसा जैस के समीप उस समय हुआ, जब ट्रक में सवार 24 लोग कोटखाई क्षेत्र में एक शादी समारोह में काम करने जा रहे थे. रास्ते में चालक को पता चला कि वाहन के ब्रेक काम नहीं कर रहे हैं. उसने घबराने के बजाय वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया और ट्रक को खाई की ओर जाने से रोकने के लिए सड़क किनारे लगे क्रैश बैरियर तथा एक खंभे से टकराकर रोक दिया. टक्कर काफी जोरदार थी, जिससे ट्रक का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. 18 घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है. चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं. सभी ने मिलकर तेजी से राहत एवं बचाव कार्य चलाया और घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया. प्रशासन की तत्परता और स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है, जबकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद चल सकेगा.