Gujarat News: गुजरात में मकर संक्रांति (Makar Sankranti) का त्योहार इस बार कई परिवारों के लिए मातम में बदल गया। पतंगबाजी के जश्न के बीच जानलेवा डोर ने कई घरों के चिराग बुझा दिए। राज्य भर में मांझे की चपेट में आने से अब तक 10 लोगों की दर्दनाक मौत की खबर है। सूरत के जहांगीरपुरा और जिलानी ब्रिज पर हुए हादसों ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। प्रशासन की तमाम सख्ती के बाद भी चाइनीज मांझे का कहर नहीं थमा है।
साइकिल चला रहे मासूम का कटा गला
सूरत के जहांगीरपुरा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। आनंद विला सोसाइटी में रहने वाला एक 8 साल का मासूम अपनी ही सोसाइटी में साइकिल चला रहा था। तभी आसमान से कटकर आई एक पतंग की धारदार डोर अचानक उसके गले में फंस गई। मकर संक्रांति (Makar Sankranti) पर इस्तेमाल होने वाला मांझा इतना तेज था कि बच्चे का गला गहराई तक कट गया। परिजन और पड़ोसी उसे लेकर तुरंत अस्पताल दौड़े, लेकिन खून ज्यादा बहने के कारण बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देख लोगों का दिल बैठ गया है।
ब्रिज से नीचे रिक्शे पर जा गिरा हंसता-खेलता परिवार
दूसरी घटना ने तो इंसानियत को ही झकझोर कर रख दिया। सूरत के जिलानी ब्रिज पर एक पूरा परिवार खत्म हो गया। मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला यह परिवार बाइक से कहीं जा रहा था। तभी बाइक चला रहे पिता के गले में मकर संक्रांति (Makar Sankranti) की पतंग का मांझा आ फंसा। मांझे से बचने की कोशिश में बाइक का संतुलन बिगड़ गया। रफ्तार तेज होने के कारण बाइक रेलिंग से टकराई और पति, पत्नी व बच्ची समेत तीनों ब्रिज से सीधे नीचे खड़े एक रिक्शे पर जा गिरे।
पति-पत्नी और बच्ची की दर्दनाक मौत
इस भीषण हादसे में पिता और मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मां को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई पूरी कर तीनों शवों को विमान से कोलकाता भेज दिया है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं।
पाबंदी के बाद भी बिक रहा खूनी मांझा
गुजरात में चाइनीज मांझे और कांच लगे धागों पर सख्त प्रतिबंध है। इसके बावजूद मकर संक्रांति (Makar Sankranti) पर इनका धड़ल्ले से इस्तेमाल हुआ। पुलिस के मुताबिक, राज्य में पतंग की डोर से कटने के कारण 10 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, सैकड़ों लोग घायल होकर अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। पुलिस ने अब जानलेवा मांझा बेचने वालों के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया है। लेकिन, जिन परिवारों ने अपनों को खोया है, उनके लिए यह त्योहार अब जिंदगी भर का दर्द बन गया है।