दिल्ली में PM मोदी से मिले सीएम मोहन, मध्य प्रदेश आने का दिया निमंत्रण, क्या हुई बातचीत

MP News: सीएम मोहन यादव गुरुवार को दिल्ली दौरे पर थे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है. सीएम ने मुलाकात में एमपी में दो सालों में हुए कामकाज की जानकारी प्रधानमंत्री को दी है, साथ ही उन्हें नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा स्थित एनटीपीसी सुपर थर्मल पॉवर स्टेशन भूमिपूजन के लिए आने का निमंत्रण लिया है. 1600 मेगावॉट की इस परियोजना का विस्तार किया गया है, जिसका भूमिपूजन सीएम ने पीएम मोदी से करने का अनुरोध किया है. पीएम मोदी से मुलाकात के बाद उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है.

सीएम मोहन यादव ने दी जानकारी
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा ‘पीएम मोदी से नई दिल्ली में भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया, इस अवसर पर प्रधानमंत्री को ‘नक्सल मुक्त मध्यप्रदेश’ के लक्ष्य को समय से पूर्व पूर्ण करने की जानकारी दी। सरकार की 2 वर्षों की उपलब्धियों, आगामी कार्ययोजना एवं ‘समृद्ध किसान-समृद्ध मध्यप्रदेश’ के संकल्प को लेकर मनाए जा रहे ‘कृषक कल्याण वर्ष-2026’ की रूपरेखा से अवगत कराया। साथ ही ‘अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ कॉन्क्लेव’ के माध्यम से 8 लाख करोड़ से अधिक के निवेश एवं बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन की जानकारी साझा की है.

प्रधानमंत्री को गाडरवारा (नरसिंहपुर) स्थित NTPC सुपर थर्मल पॉवर स्टेशन के विस्तार की परियोजना के भूमिपूजन हेतु मध्यप्रदेश पधारने का आमंत्रण भी दिया. आपके मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में तीव्र गति से विकास करते हुए आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है.

नक्सल अभियान की दी जानकारी
सीएम मोहन यादव ने पीएम मोदी को मध्य प्रदेश में चलाए गए नक्सल अभियानों की भी जानकारी दी है. बालाघाट जिले में सबसे ज्यादा कार्रवाई की गई है, जिसके बाद बालाघाट जिले को नक्सलमुक्त करने का ऐलान सरकार की तरफ से कर दिया गया है. जिसमें उन्होंने किस तरह से काम किया गया इसकी पूरी जानकारी पीएम मोदी को दी है. यह एमपी के लिए अहम उपलब्धि भी मानी जा रही है.

वहीं सीएम मोहन यादव ने दिल्ली में कई केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात की है. इसकी जानकारी भी उन्होंने दी है. सीएम ने बताया कि नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन और उर्वरक मंत्री श्री जेपी नड्डा को मेडिकल कॉलेज के भूमिपूजन हेतु आमंत्रित किया है. 23 जनवरी को उनका आगमन होगा और 24 जनवरी को वह कटनी में भूमिपूजन करेंगे. इसके साथ ही प्रदेश के 41 जिलों में मेडिकल कॉलेज की सुविधाएं मिलेंगी. जो एमपी के लिए बड़ी सौगात मानी जा रही है.