उत्तराखंड में हथियारों से लैस निहंगों ने गुरुद्वारे पर किया कब्जा, भक्त को बनाया बंधक… इंटरनेट बंद

रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के नागरासू स्थित गुरुद्वारे में बीते 24 घंटे से जारी विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है. हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर स्थित गुरुद्वारे में कुछ निहंग तीर्थ यात्रियों द्वारा कब्जा जमाने के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं. बताया यह भी जा रहा है कि भक्त को निहंग यात्रियों ने बंधक भी बना लिया है. फिलहाल प्रशासन मौके पर मौजूद है. लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है.

निहंगों ने गुरुद्वारे पर किया कब्जा
जानकारी के अनुसार गुरुद्वारा प्रबंधन और निहंग यात्रियों के बीच विवाद के बाद कुछ निहंग गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए. फिर परिसर पर नियंत्रण करने का प्रयास किया. आरोप है कि इस दौरान सेवादारों के साथ मारपीट और अभद्रता की घटनाएं भी सामने आई हैं.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आईटीबीपी की टीमें मौके पर पहुंचीं. हालात को नियंत्रित करने के लिए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं. प्रशासन लगातार बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी गतिरोध बरकरार है.

रुद्रप्रयाग और श्रीनगर में इंटरनेट बंद
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने रुद्रप्रयाग और श्रीनगर क्षेत्रों में एहतियातन इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी हैं, ताकि सोशल मीडिया के जरिए किसी तरह की अफवाह न फैल सके. फिलहाल नागरासू गुरुद्वारे में जारी यह विवाद प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है.