हिमाचल में हादसा, महिला चीफ फार्मासिस्ट की मौत, JE पति और बेटी घायल

सोलन. हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणु के पास जाबली में कार हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पति औऱ बेटी घायल हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है औऱ शव को कब्जे में लिया है. मृतक महिला की भरमौर विधानसभा से भाजपा विधायक डॉक्टर जनक राज की बचपन की क्लामेट थी औऱ उन्होंने भी हादसे पर दुख जताया है.

जानकारी के अनुसार, जिले के जाबली में एचईपीएल कंपनी गेट के पास यह घटना पेश आई. बिजली विभाग में जेई कार चालक सुरेंद्र पाल अपनी पत्नी कविता गोस्वामी और 15 वर्षीय बेटी कनिका के साथ जा रहे थे. इस दौरान वो कार से नियंत्रण खो बैठे और दूसरी लेन में गाड़ी चली गई. फिर वहां पर ट्रक से भिड़ गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के एयरबैग खुल गए और कार तथा ट्रक दोनों को भारी नुकसान पहुंचा.
हादसे में कार सवार तीनों लोग घायल हो गए. हादसे में चंबा की रहने वाली महिला कविता गोस्वामी की मौत हो गई. वह सोलन में सरकारी अस्पताल में चीफ फार्मासिस्ट के पद पर तैनात थी, जबकि उनके पति बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर तैनात हैं और लक्कड़ बाजार, सोलन में रहते थे.

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.

उधर, भाजपा विधायक जनक राज ने सोशल मीडिया पर दुख जताते हुए लिखा कि मेरे बचपन की सहपाठी गाँव लेच की कविता गोस्वामी का सड़क दुर्घटना में निधन का समाचार सुनकर अत्यंत आघात पहुँचा है. मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूँ, और परिवार को इस दुख की घड़ी में सम्बल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ.