राजस्थान में मौसम का बदला मिजाज, कोहरे की चादर, 6 जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट

जयपुर: राजस्थान के जयपुर, कोटा, बीकानेर, अलवर, दौसा और भरतपुर सहित कई जिलों में सोमवार सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला। टोंक जिले में कोहरा अधिक घना रहा, जहां दृश्यता घटकर मात्र 50 मीटर तक पहुंच गई। वहीं बीकानेर में ठंडी हवाओं के असर से तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई।

22 जनवरी को मावठ की संभावना, येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में इस सप्ताह मावठ की शुरुआत हो सकती है। विभाग ने 22 जनवरी को राज्य के 6 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में इस बदलाव से सर्दी का असर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

10 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर
रविवार को प्रदेश के 10 से ज्यादा शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। हालांकि अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली, जिससे दिन में हल्की ठंड महसूस की गई।

कहीं साफ तो कहीं बादलों की मौजूदगी
पिछले 24 घंटों के दौरान बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। जबकि जयपुर, भरतपुर और अजमेर संभाग में हल्के बादल छाए रहे। बादलों की वजह से इन संभागों के कई जिलों में रात के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

करौली में सबसे कम तापमान
रविवार को जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, कोटा, उदयपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी, बीकानेर, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ और झुंझुनूं में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर रहा। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान करौली में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अलवर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और झुंझुनूं में सुबह के समय कोहरा छाया रहा।

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कोहरे से हादसा, लंबा जाम
दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर कोटपूतली-बहरोड़ जिले के सोतानाला फ्लाईओवर के पास सोमवार सुबह एक 18 चक्का ट्रेलर पलट गया। बताया जा रहा है कि घने कोहरे के कारण यह हादसा हुआ। सुबह करीब 7:30 बजे हुए इस हादसे से दिल्ली से जयपुर की ओर जाने वाली लेन में लगभग 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पनियाला पुलिस क्रेन और जेसीबी की मदद से ट्रेलर हटाने में जुटी है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।