केवल 3 दिन बचे हैं शेष, सत्यापन नहीं कराया तो फरवरी से बंद हो जाएगी आपकी पेंशन

E Mitra Pension Verification: राजस्थान के लाखों बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगों के लिए एक बेहद जरूरी और समय-संवेदनशील खबर है. यदि आपने अभी तक अपनी सामाजिक सुरक्षा पेंशन का वार्षिक भौतिक सत्यापन नहीं करवाया है, तो आपकी पेंशन फरवरी माह से रुक सकती है. सरकार द्वारा दी गई अंतिम समय-सीमा 31 जनवरी 2026 समाप्त होने में अब केवल 3 दिन का समय शेष है.

आंकड़े
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में कुल 91.68 लाख पेंशनर्स हैं. इनमें से 75.33 लाख (82.16%) लोगों ने तो अपनी प्रक्रिया पूरी कर ली है, लेकिन 16.35 लाख पेंशनर्स ने अभी तक अपने ‘जीवित होने’ का प्रमाण पोर्टल पर दर्ज नहीं कराया है.

हैरानी की बात यह है कि राजधानी जयपुर में लापरवाही का सबसे बड़ा आंकड़ा सामने आया है, जहां 1.51 लाख लोगों का सत्यापन बकाया है. वहीं प्रतिशत के मामले में जालौर, नागौर और सवाई माधोपुर जैसे जिले भी काफी पीछे चल रहे हैं.

घर बैठे मोबाइल से करें फेस रिकग्निशन
अब पेंशनर्स को सरकारी दफ्तरों या ई-मित्र के चक्कर काटने की मजबूरी नहीं है. विभाग ने तकनीक को सुगम बनाते हुए कई विकल्प दिए हैं-

मोबाइल ऐप: विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप के जरिए ‘चेहरा पहचान’ (Face Recognition) तकनीक से घर बैठे सत्यापन संभव है.
ई-मित्र कियोस्क: अंगूठे के निशान (Biometric) या आंखों की पुतली (Iris Scan) के जरिए.
ऑफलाइन विकल्प: यदि तकनीक काम न करे, तो संबंधित एसडीएम (SDM) या बीडीओ (BDO) कार्यालय में उपस्थित होकर भी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.

क्यों जरूरी है 31 जनवरी?
आमतौर पर यह प्रक्रिया दिसंबर तक पूरी होनी थी, लेकिन बड़ी संख्या में पेंडेंसी देखते हुए सरकार ने इसे एक महीने के लिए बढ़ाया था. विभाग ने स्पष्ट किया है कि 31 जनवरी के बाद पोर्टल बंद हो सकता है और सत्यापन न होने की स्थिति में पेंशन सॉफ्टवेयर स्वतः ही भुगतान रोक देगा. सत्यापन न करवाने वालों में 75 वर्ष से कम आयु के करीब 12.61 लाख लोग शामिल हैं.