मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में फर्जी पहचान बनाकर अवैध उगाही करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। तितावी थाना पुलिस ने अहमद नामक इस युवक को पकड़ा है, जो खुद को कभी पत्रकार तो कभी एसओजी का सिपाही बताकर लोगों को धमकाता और उनसे पैसे ऐंठता था।
आरोपी सोशल मीडिया पर भी सक्रिय था, जहां वह पुलिस की वर्दी और टोपी पहनकर तस्वीरें साझा करता था। इसका उद्देश्य लोगों को भ्रमित करना और अपनी फर्जी पहचान को विश्वसनीय बनाना था। अहमद ने ‘आकाश चौधरी’ नाम की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई थी। इसी आईडी से उसने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां पोस्ट की थीं। यह वीडियो वायरल होने के बाद तितावी पुलिस ने संज्ञान लिया और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न पहचान अपनाकर वीडियो अपलोड करता था। कुछ वीडियो में वह खुद को हिंदू दिखाने के लिए हाथ में कलावा भी बांधे नजर आया, ताकि लोगों का भरोसा जीत सके। यह सब वह अवैध उगाही के मकसद से करता था। गिरफ्तारी के बाद अहमद को थाने लाया गया, जहां कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान आरोपी असहज दिखा और उसने अपने कृत्यों के लिए माफी भी मांगी।
तितावी पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल था और उसने किन-किन लोगों से अवैध उगाही की है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या फर्जी पहचान वाले व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
.