भिवानी: हरियाणा के भिवानी के भीम स्टेडियम में बुधवार यानी आज से अग्निवीर भर्ती शुरू हो गई है. इस भर्ती प्रक्रिया में भिवानी के युवाओं ने भाग लिया. भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं में काफी उत्साह था और वह इसकी तैयारी काफी समय से कर रहे थे. अग्निवीर भर्ती में भाग लेने पहुंचे युवाओं के अभिभावकों ने बताया कि बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला. ऐसी भर्ती होती रहनी चाहिए. इसको देखकर ये लगता है कि युवाओं में देशभक्ति का जुनून है. यही वजह है कि वह अग्निवीर में शामिल होकर देश की सेवा करना चाहते हैं.
उन्होंने आगे कहा कि अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए युवा कई दिनों से दौड़ रहे हैं. बुधवार को केवल भिवानी के युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बुलाया गया था. वहीं आने वाले दिनों में दूसरे जिले जैसे महेंद्रगढ़, चरखी दादरी और रेवाड़ी जिले के युवा शामिल होंगे. इनकी एंट्री सुबह 4 बजे से शुरू हो जाएगी.
इतने उम्मीदवारों होंगे शामिल
सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी के निदेशक कर्नल के. संदीप के अनुसार, अग्निपथ योजना के तहत महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी और भिवानी जिले के 8,798 ऑनलाइन परीक्षा उत्तीर्ण उम्मीदवारों को शारीरिक परीक्षण के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए हैं. उम्मीदवारों को अग्निवीर बनने के लिए 1,600 मीटर दौड़, चिनप्स, 9 फीट डिच जम्प, जिग-जैग बैलेंस सहित अन्य फिजिकल टेस्ट देने होंगे। फिजिकल टेस्ट पास करने वालों को अगले दिन मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा.
इन पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती में भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी जिलों के कुल 8,800 उम्मीदवार भाग लेंगे, जिन्होंने जून 2025 में आयोजित कॉमन एंट्रेस एग्जाम (CEE-2025) पास किया था. हरियाणा सरकार ने राज्य स्तर की भर्ती में अग्निवीर पदों पर 10 प्रतिशत आरक्षण भी दिया है. ये भर्ती प्रक्रिया 16 दिनों तक चलने वाली है. इस भर्ती में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क, स्टोर कीपर टेक्निकल, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन के लिए चयन किया जाएगा. भर्ती का संचालन सेना भर्ती कार्यालय, चरखी दादरी द्वारा किया जा रहा है, और इसकी निगरानी निदेशक कर्नल के. संदीप कर रहे हैं.
ये डॉक्यूमेंट होंगे जरूरी
उम्मीदवारों की शारीरिक दक्षता, दस्तावेज सत्यापन, मेडिकल फिटनेस, दौड़ और अन्य निर्धारित मापदंडों की जांच की जाएगी. जिन उम्मीदवारों ने एक से अधिक श्रेणियों में पंजीकरण कराया है, उन्हें शारीरिक दक्षता परीक्षा में पास होने के बाद केवल एक बार दौड़ में भाग लेने की अनुमति दी जाएगी. उम्मीदवारों को अपने दस्तावेज जैसे 10वीं और 12वीं मार्कशीट, निवास प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, पुलिस वैरीफिकेशन, NCC या खेल प्रमाण पत्र, और एडमिट कार्ड साथ लाना अनिवार्य है.