मुजफ्फरनगर में युवक की नृशंस हत्या, कंबल में लिपटा मिला शव

मुजफ्फरनगर। जनपद के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह सनसनी फैल गई जब सरवट फाटक के नाले से एक युवक का शव बरामद हुआ। शव को देखकर प्रतीत हो रहा है कि हत्या के बाद उसे कंबल में लपेटकर नाले में फेंका गया था।

मृतक युवक की पहचान जीवन पुत्र बलवीर, निवासी हरीनगर थाना पुरकाजी, के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक जीवन अपने किसी दोस्त के साथ कल दोपहर अपने ही बिरादरी की एक महिला से मिलने शहर आया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पुरकाजी पुलिस को दर्ज कराई थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आगे की जांच शुरू कर दी है। मृतक के दोस्त को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वहीं पुलिस उस महिला की तलाश में जुटी हुई है जिससे जीवन मिलने आया था।

सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि आज सुबह लगभग 10 बजे थाना नई मंडी को सूचना मिली कि सरवट रोड स्थित नाले में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव की पहचान की और वैधानिक कार्रवाई करते हुए पीएम किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए चार टीमों का गठन कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

मृतक के पिता बालवीर ने कहा कि उनका बेटा कल रात से लापता था और उन्होंने इसकी रिपोर्ट पहले ही दर्ज कराई थी। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि शीघ्र ही हत्या के पीछे की सच्चाई का खुलासा किया जाएगा।