स्वार। पारिवारिक विवाद के बाद घर से लापता हुई एक युवती को कोतवाली पुलिस ने लगभग एक माह बाद मुजफ्फरनगर से सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवती को उसके परिजनों को सौंप दिया।
कोतवाली क्षेत्र के अलीनगर उर्फ हड़पुरा गांव निवासी 26 वर्षीय आसिया 26 दिसंबर को बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने उसे आसपास और रिश्तेदारी में काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद युवती के पिता इस्हाक अली ने 1 जनवरी को कोतवाली में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
इस दौरान युवती किसी तरह मुजफ्फरनगर पहुंच गई, जहां भटकती हालत में एक परिवार ने उसे संरक्षण दिया और अपने घर ले गया। पूछताछ के दौरान युवती ने अपना पता बताया। इधर, कोतवाली पुलिस युवती की तलाश में लगातार जुटी रही और शक के आधार पर एक युवक से भी पूछताछ की गई, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी थी।
शनिवार को मुजफ्फरनगर पुलिस से सूचना मिलने पर स्वार कोतवाली पुलिस वहां पहुंची और युवती को बरामद कर कोतवाली ले आई। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह परिजनों से हुए झगड़े के बाद गुस्से में अकेली घर से निकल गई थी। कोतवाल प्रदीप मलिक ने बताया कि नियमानुसार कार्रवाई पूरी कर युवती को उसके पिता के हवाले कर दिया गया है।