मुजफ्फरनगर। शहर के वार्ड 10 में नाली निर्माण को लेकर पालिका ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह और सभासद महिका गुप्ता के पति के बीच विवाद हुआ। ड्राइंग देखने के बाद ही नाली निर्माण कराने की बात कहते हुए ईओ ने काम रुकवा दिया। सभासद के पति ने ठेकेदार को भेजकर फिर से काम शुरू कराने का प्रयास किया। मामले को लेकर दोनों के बीच मोबाइल पर काफी तकरार हुई। ईओ का आरोप है कि सभासद के पति की ओर से उन्हें धमकी दी गई।
नगर पालिका क्षेत्र वार्ड 10 सिविल लाइन में ईओ का सरकारी आवास है। निर्माण विभाग की ओर से ईओ आवास के बाहर सड़क निर्माण का टेंडर निकाला गया था। रविवार से वहां निर्माण कार्य शुरू हो गया। ठेकेदार महिपाल की ओर से पेटी ठेकेदार ने काम शुरू कराया। लेबर ने ईओ आवास के बाहर निर्माण के लिए सड़क तोड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान नाली के लिए भी तुड़ाई शुरू हुई तो ईओ ने लेबर को ऐसा करने से रोक दिया। इसके बाद वार्ड सभासद महिका गुप्ता के पति शोभित गुप्ता ने मौके पर लेबर बुलाकर फिर से काम शुरू करा दिया। उन्होंने बताया कि ईओ आवास के बाहर नाली थी, जिसे पहले बंद कर दिया गया था। लेकिन अब उसे बनवाया जा रहा है। आरोप लगाया कि ईओ नाली नहीं बनने दे रही जबकि उनके घर से एक पाइप नाली में भी गिर रहा है। जब उन्होंने नाली निर्माण की बात कही तो जेई को बोलकर काम रुकवा दिया।
ईओ पालिका का कहना है कि उन्होंने देखने के लिए जेई से ड्राइंग मंगाई थी। लेकिन रविवार होने के कारण वह ड्राइंग नहीं दिखा सका, जिस कारण निर्माण रुकवा दिया गया। यदि ड्राइंग में नाली दी हुई है तो उसका निर्माण कराया जाएगा। मोबाइल पर सभासद के पति ने उनसे निर्माण रोकने की वजह पूछी और धमकी भी दी। ईओ ने कहा कि निर्माण आदि को लेकर काम के बारे में बात करने का अधिकार सभासद को है, न कि उनके पति को। जबकि सभासद पति का कहना है कि उन्होंने धमकी नहीं दी केवल नाली निर्माण की बात कही थी।