कानपुर में वर्दी दागदार! दारोगा पर व्यापारी से 5.70 लाख लूटने का केस दर्ज, हो गया सस्पेंड

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक चौकी प्रभारी का कांड देखने को मिला है, जहां उसने एक व्यापारी को जुआरी बताकर 5.70 लाख रुपये लूट लिए। जब इसकी जांच की गई तो यह मामला सही पाया गया। बाद में नवाबगंज थाने में दारोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम में केस दर्ज किया गया और उसे सस्पेंड कर दिया गया। यह बात निकलकर सामने आ रही है कि व्यापारी आसिफ शेख को चौकी प्रभारी नितिन पुनिया ने पकड़ा था और उस पर जुआ खेलने का दबाव बनाया था।

क्या है पूरा मामला?
बता दें कि जालौन के एट थाना क्षेत्र के पिरौना निवासी व्यापारी आसिफ शेख मंगलवार को किसी काम की वजह से कर्नलगंज आए थे। वह दोपहर बाद वापस घर लौट रहे थे। तभी चुन्नीगंज के पास नवाबगंज थाने के जागेश्वर मंदिर चौकी प्रभारी नितिन पुनिया ने उन्हें पकड़ लिया। इसके वह व्यापारी को अपने साथ चौकी ले गए, जहां व्यापारी पर जुआ खेलने की बात कबूलने का दबाव बनाया और उनके पास रखे 5.70 लाख रुपये लूट लिए।

चौकी प्रभारी के खिलाफ केस दर्ज
इस दौरान व्यापारी के साथ अभद्रता की गई और उसे जुआरी बताया गया। इस पूरी घटना के बाद व्यापारी ने एसीपी कर्नलगंज अमित चौरसिया को घटना की जानकारी दी। इस पर पुलिस आयुक्त अखिल कुमार ने तुरंत एक्शन लिया और आरोपी चौकी प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।

चौकी प्रभारी ने लौटाई राशि
पूरा मामला जैसे ही अधिकारियों के संज्ञान में आया, वैसे ही चौकी प्रभारी ने लूटी हुई रकम व्यापारी को लौटा दी। हालांकि व्यापारी ने उसके खिलाफ तहरीर दी है। चौकी प्रभारी के इस कांड से हर कोई दंग है, जहां उस पर भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और उस पर निलंबन की कार्रवाई भी की गई है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.