उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। एक तरफ सर्दी की विदाई हो रही है तो दूसरी तरफ कई राज्यों में बारिश का अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश, राजधानी दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में धूप इतनी तेज होती है कि मार्च वाली गर्मी पड़ने लगी है। वहीं सुबह-शाम की ठंड की विदाई भी अभी नहीं हुई है। मौसम विभाग ने 19 फरवरी तक 10 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश , हरियाणा, पंजाब, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, अंडमान निकोबार, राजस्थान और तमिलनाडु में बारिश की संभावना है।
नए पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग ने कहा है कि 17 और 18 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ ऐक्टिव हो रहा है। ऐसे में उत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। 18 फरवरी को ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कुछ जगहों पर कोहरा भी छाए रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। IMD के मुताबिक 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, गाजियाबाद, शामली, सहारनपुर और नोएडा में हल्की बारिश की संभावना है।
उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम
उत्तराखंड में भी 17 और 18 फरवीर को बारिश हो सकती है। अल्मोड़ा, रूत्र प्रयाग, पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर, उधमसिंह नगर में 17 और 18 फरवरी को बारिश हो सकती है। 19 फरवरी को भी उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
दिल्ली में बढ़ा तापमान
राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को इस साल का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। वहीं अगले दो दिन में बूंदाबांदी की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि शहर की मानक सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.2 डिग्री अधिक है। स्टेशन ने 24 घंटे में तापमान में 3.1 डिग्री की वृद्धि भी दर्ज की, जो क्षेत्र में अचानक आई गर्मी का संकेत है। इसी तरह, आयानगर में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसमी औसत से 7.1 डिग्री अधिक है। आईएमडी के अनुसार, लोधी रोड सहित अन्य स्टेशन पर भी दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा।
राजस्थान और मध्य प्रदेश का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान में मंगलवार दोपहर तक धूप खिली रहेगी। हालांकि शाम तक कई जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना है। मध्य प्रदेश में 18 ओर 19 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। छंदवाड़ा, बालाघाट, कटनी, सिवनी और होशंगाबाद जिले में बारिश की संभावना है। बिहार का मौसम सामान्य ही रहने की उम्मीद है।