यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू, परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के पुख्ता इंतजाम

UP Breaking News Live: 18 फरवरी का दिन यूपी के लिए काफी अहम रहने वाला है. आज से यूपी बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं. इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं. सीएम ने कहा कि मां सरस्वती की कृपा आप सभी पर बनी रहे. उधर, परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. ये बोर्ड परीक्षा 12 मार्च तक होगी. अब अगर मौसम की बात करें तो आज उत्तर प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव होने वाला है. जहां पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं. वहीं, पूर्वी यूपी में धूप खिलने की संभावना है. आइये जानते हैं यूपी की बड़ी खबरें.

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत अब तक कुल 21 किस्त रिलीज हो चुकी है. अब बारी 22वीं किस्त की है, जिसका इंतजार यूपी के पात्र किसान कर रहे हैं. इसको लेकर अभी भी उलझन बरकरार है. इस बीच चर्चा है कि होली से पहले इन किसानों के खाते में योजना की 22वीं किस्त आ जाएगी.

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में पुरानी रंजिश के चलते बीजेपी नेता सोनू राठौर पर जानलेवा हमला हुआ है. उन्हें गोली मारने के बाद चाकुओं से गोद दिया गया. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बीजेपी नेता को हैलट में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.

यूपी में शिक्षकों के ट्रांसफर और समायोजन को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. हाई कोर्ट ने राज्य सरकार के 14 नवंबर 2025 के शासनादेश को वैध करार दिया है. इसके साथ ही हाई कोर्ट ने एकल और शिक्षक-विहीन प्राथमिक विद्यालयों में सरप्लस शिक्षकों की तैनाती से जुड़े इस आदेश को चुनौती देने वाली याचिकाओं को खारिज कर दिया.