प्रयागराज में यमुना का बढ़ रहा जलस्तर, मध्य प्रदेश और राजस्थान की नदियों का पानी आ रहा

प्रयागराज। मध्य प्रदेश और राजस्थान तथा बुंदेलखंड की नदियों का पानी आने से यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है। हालांकि पानी में बढ़ोतरी मामूली ही हो रही है। वहीं गंगा का जलस्तर घट रहा है। जबकि टोंस, बेलन, गोरमा, टुड़ियारी व लपरी नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है।

तीन दिनों से यमुना का पानी बढ़ रहा
यमुना का जल स्तर बढ़ने से अब तटीय इलाकों के लोगों की चिंता बढ़ने लगी है। 23 जुलाई की सुबह यमुना का जलस्तर 73.73 मीटर पर था जो रात में बढ़कर 73.80 पहुंच गया। वहीं गंगा का जलस्तर 77.67 मीटर था जो रात में 77.63 मीटर पर आ गया। यमुना का जलस्तर दो मीटर और बढ़ने पर कई मुहल्लों तथा गांवों की स्थिति खराब होने लगेगी। तब लोगों को घर तक छोड़ना पड़ सकता है। पहाड़ों पर हो रही बारिश का असर यमुना के जलस्तर पर पड़ रहा है। पिछले तीन दिनों में इस नदी का पानी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इस नदी में अभी और पानी आएगा, जिससे जलस्तर बढ़ने की संभावना है।

एडीएम वित्त एवं राजस्व ने किया निरीक्षण
उधर, एडीएम वित्त एवं राजस्व तथा जिला आपदा प्रभारी विनीता सिंह ने संभावित बाढ के दृष्टिगत गुरुवार को बक्शी बांध स्लूज गेट, पंपिंग स्टेशन अल्लापुर, मोरीगेट पंपिंग स्टेशन, यमुना बैक रोड बांध संख्या दो स्लूज गेट, यमुना बैंक रोड गेट संख्या नौ पंपिंग स्टेशनों का निरीक्षण करते हुए उनकी क्रियाशीलता की जानकारी ली। उन्होंने पंपिंग स्टेशनों के निरीक्षण के दौरान ग्रिसिंग, आयलिंग, पेंटिग के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। तहसीलदार सदर एवं ससभी सबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।