तेज धूप के बाद राजस्थान में बारिश की दस्तक, जयपुर-टोंक में…

Rajasthan Weather Today: राजस्थान में आज कई जिलों में सुबह-सुबह बारिश हुई। तेज धूप और गर्मी की आहट के बाद आज प्रदेश में मौसम ने फिर करवट बदल ली है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह से जयपुर, कोटा, उदयपुर समेत कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। जयपुर और टोंक में सुबह रुक-रुक कर बारिश भी दर्ज की गई। साथ ही हल्की ठंडी हवाएं भी चल रही हैं। बारिश के बाद मौसम में हल्की ठंडक बढ़ गई है।

राजस्थान में करीब 5 दिनों के बाद मौसम में बदलाव हुआ है। बीते दिनों से यहां मौसम साफ बना हुआ है। साथ ही दिन में तेज धूप भी निकल रही है। जिसके कारण तापमान में बढ़ोत्तरी हो रही है। साथ ही दिन में हल्की गर्मी भी महसूस होने लगी है। लेकिन आज मौसम विभाग ने राजस्थान के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना जताई है। जिससे दिन में आज गर्मी नहीं बल्कि ठंडक महसूस हो सकती है।

जयपुर में कहां-कहां हुई बारिश
जयपुर में आज सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा नजर आया। सुबह 7 बजे के करीब मालवीय नगर, सीकर रोड समेत शहर के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश शुरू हुई। इस दौरान चौमूं में लगभग 15 मिनट तक तेज बारिश दर्ज की गई। वहीं टोंक के निवाई इलाके में करीब 20 मिनट तेज बारिश हुई। बारिश के दौरान सर्द हवाएं भी चलीं। जिससे मौसम सिहरन वाला हो गया।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में राजस्थान में सबसे गर्म जिला बाड़मेर 34.6 डिग्री अधिकतम तापमान के साथ रहा। इसके अलावा जैसलमेर, फतेहपुर, बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ में 32 डिग्री से ऊपर अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। रविवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और दिन में तीखी धूप भी निकली रही। हालांकि कोटा और उदयपुर संभाग के एरिया में दोपहर बाद हल्के बादल भी छाए रहे। जिससे धूप भी हल्की कमजोर हो गई।