लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार बदलता जा रहा है। आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। प्रदेश में 11 और 12 सितंबर को भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। उसके दो दिन बाद यानी 15 सितंबर को फिर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस तरह प्रदेश में आगामी दिनों के दौरान कभी भारी बारिश तो कभी छुटपुट बारिश हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में गर्मी और उमस का सिलसिला जारी है। हल्की बारिश के बाद होने वाली चिपचिपी गर्मी ने लोगों को परेशान करके रख दिया है।
10 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश व गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान भारी बारिश होने का कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है। इसी तरह 11 सितंबर को प्रदेश के दोनों हिस्सों में बारिश व गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार जताए गए हैं। हालांकि इस अवधि में पश्चिमी यूपी में भारी बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। जबकि पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों का हाल जानिए
इसके साथ ही गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और उसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 12 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बारिश व गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार जताए गए हैं। इस दौरान दोनों हिस्सों में संभाग के उत्तरी क्षेत्र में कहीं-कहीं पर भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं 13 और 14 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में कहीं- कहीं पर बारिश व गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान दोनों हिस्सों में प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश होने की संभावना नहीं जताई गई है। 15 सितंबर को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं पर और पूर्वी यूपी में कुछ स्थान पर बारिश व गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार जताए गए हैं। इस दौरान पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पश्चिमी यूपी में किसी तरह का कोई अलर्ट नहीं जारी किया गया है।