मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को होली मिलन कार्यक्रम के दौरान एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई। स्कूल में एक छोटी सी बात पर एक व्यक्ति ने अपना आपा खो दिया और विद्यालय परिसर में घुसकर कक्षा दो की एक मासूम छात्रा के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सहपाठी पर रंग गिरने से भड़का आरोपी
पीड़िता की मां प्रीति ने बताया कि उसकी पुत्री गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो की छात्रा है। शनिवार को स्कूल में बच्चे आपस में होली खेल रहे थे। इसी दौरान खेल-खेल में उसकी पुत्री से गलती से उसकी सहपाठी (आरोपी उमरदीन की पुत्री) पर रंग गिर गया। इस छोटी सी बात से आक्रोशित होकर आरोपी उमरदीन स्कूल के भीतर दाखिल हुआ और छात्रा के साथ अभद्रता शुरू कर दी।
जातिसूचक शब्दों का प्रयोग और गला दबाने की कोशिश
पीड़िता की मां का आरोप है कि उमरदीन ने न केवल मासूम बच्ची के साथ मारपीट की, बल्कि उसे जातिसूचक शब्द कहते हुए अपमानित भी किया। गुस्साए आरोपी ने छात्रा का गला दबाने का भी प्रयास किया, जिससे वह दहशत के मारे बेहोश हो गई। घटना के बाद बदहवास परिजन बच्ची को लेकर तुरंत थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने की त्वरित गिरफ्तारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ककरौली पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी उमरदीन के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया था। रविवार को पुलिस ने आरोपी को उसके निवास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।