मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर सिक्का बिल्डर्स के फार्म हाउस मेंं चौकीदार मंसूरपुर के गांव नौना निवासी हुसन पाल (55) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव झाड़ियों में पड़ा मिला। उसके चेहरे पर मांस नहीं था। गर्दन और पेट का मांस भी नोंचा गया था। पुलिस जंगली जानवर के हमले की आशंका जता रही है। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है।
नोएडा के बिल्डर्स ने हाईवे पर लगभग चालीस बीघा जमीन खरीद कर फार्म हाउस बनाया हुआ है। वहां पर लगभग 11 साल से हुसन पाल चौकीदारा करता था। फार्म हाउस तीन तरफ कवर है एक तरफ कटीली तारबंदी की हुई है। वहां चौकीदार के रहने के लिए एक कमरा बनाया हुआ है। इस कमरे में चौकीदार रहता था। उसने वहां पर अपना कुछ जरूरत का सामान भी रखा था।
बृहस्पतिवार सुबह उसका बेटा अश्वनी वहां पहुंचा तो उसने पिता का क्षत विक्षिप्त शव कमरे के बाहर झांड़ियों में पड़ा मिला। चेहरे पर मांस नहीं था। गर्दन और पेट का मांस भी नोंचा गया था। उसने यह जानकारी नई मंडी कोतवाली की बीबीपुर पुलिस चौकी पर जाकर दी।
मोबाइल काॅल नहीं सुनने पर पहुंचा था बेटा
नई मंडी कोतवाली पुलिस ने बताया कि चौकीदार के बेटे अश्वनी ने जानकारी देकर बताया कि उसके पिता लगभग 11 साल से चौकीदारी करते थे। वह भी कुछ दूरी पर एक पेट्रोल पंप पर नौकरी करता है। उसके पिता की बीती रात घर पर उसकी मां से बात हुई थी। उन्होंने बृहस्पतिवार सुबह घर आने की बात की थी लेकिन वह नहीं पहुंचे। मोबाइल पर काल भी नहीं सुनी। इसके बाद वह पिता को देखने फार्म हाउस पर पहुंचा था। अश्वनी ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है।