मुजफ्फरनगर के पमनावली में टूटा 11 हजार वोल्ट का तार

मुजफ्फरनगर। खतौली थाना क्षेत्र के गांव पमनावली में शनिवार की सुबह एक भीषण हादसे ने ग्रामीणों के रोंगटे खड़े कर दिए। गांव के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर एक रिहायशी मकान पर गिर गया। इस घटना से घर में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते आग लग गई, जिससे लाखों रुपये के विद्युत उपकरण और गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया।

ग्रामीणों ने बताया कि तार गिरने के बाद हुए ब्लास्ट से पूरे मोहल्ले में हड़कंप मच गया। इस घटना में घर के आंगन में बंधी एक बछिया भी करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई। गनीमत रही कि उस समय परिवार के सदस्य आग के दायरे से दूर थे, अन्यथा कोई बड़ा जनहानि हो सकती थी। पीड़ितों के अनुसार, आग ने कंप्यूटर, इनवर्टर और अन्य कीमती उपकरणों को पल भर में राख कर दिया।

विभाग पर अनदेखी का आरोप
पीड़ित परिवारों नरेश, विजेंद्र, सुख सिंह, विनोद, पिंटू, मनोज, विकास, धीर सिंह व डॉ. समय सिंह आदि ने एसडीएम निकिता शर्मा को प्रार्थना पत्र देकर तत्काल प्रभाव से रिहायशी इलाकों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को हटवाने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि वे कई वर्षों से विद्युत विभाग से इस जानलेवा लाइन को हटवाने के लिए गुहार लगा रहे हैं, लेकिन विभाग ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।

अधिशासी अभियंता ने दिया आश्वासन
इस मामले पर अधिशासी अभियंता देवेंद्र कुमार ने कहा कि यह विद्युत लाइन वर्षों पुरानी है। उन्होंने दावा किया कि कुछ ग्रामीणों ने लाइन के नीचे मकान बना लिए हैं। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की समस्या का जल्द से जल्द निदान कराया जाएगा।