हिमाचल के 74 लाख लोगों से जुड़ी खबर, 3 दिन से सर्वर ठप्प, सुक्खू सरकार ने बदली व्यवस्था

शिमला. हिमाचल प्रदेश में राशन डिपो में सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन किया है. लगातार सर्वर डाउन रहने की वजह से लोगों को राशन नहीं मिल रहा था और कई घंटे डिपो में इंतजार के बाद खाली लौटना पड़ रहा है. ऐसे में सरकार ने अब नई पहल की है.

हिमाचल प्रदेश में राशन डिपो में सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन किया है.
हिमाचल प्रदेश खाद्य नागरिक, आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि आधार प्रमाणीकरण सेवाओं में तकनीकी कारणों से उत्पन्न व्यवधान के कारण ई-पास मशीनों के माध्यम से आधार कार्ड आधारित राशन वितरण अस्थायी रूप से प्रभावित हुआ है. इस संबंध में मामला संबंधित विभाग के साथ उठाया गया है तथा आधार प्रमाणीकरण सेवाओं को शीघ्र बहाल करने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है.

उन्होंने बताया कि पात्र लाभार्थियों को खाद्यान्न वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए विभाग द्वारा अंतरिम व्यवस्था के रूप में ई-पास मशीनों में उपलब्ध क्यूआर कोड आधारित वितरण सुविधा को सक्रिय किया गया है. इसलिए सभी पात्र लाभार्थियों से अनुरोध है कि वे अपनी निर्धारित उचित मूल्य की दुकानों से निर्धारित खाद्यान्न को पूर्व की भांति लेना सुनिश्चित करें.

पहले फोन पर आता था ओटीपी
गौर रहे कि पहले आधार कार्ड से राशन कार्ड को जोड़ा गया था और मौके पर फोन पर ओटीपी आता था और इसके बाद राशन दिया जाता था. हिमाचल प्रदेश में 5078 राशन डिपो हैं. इनके जरिये 19.48 लाख राशन कार्डधारकों को सस्ता राशन मिला है. करीब 74.26 लाख लोग राशन डिपो से राशन लेते हैं. ऐसे में अब लोगों की दिक्कत को देखते हुए नया फैसला लिया गया है.