दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में 10वीं कक्षा के एक छात्र की परीक्षा केंद्र के बाहर चाकू मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना शुक्रवार दोपहर थाना क्षेत्र के मलैया मिल के पास हुई. मृतक की पहचान देहात थाना क्षेत्र के इमलाई गांव निवासी 14 वर्षीय ऋषि अहिरवार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि ऋषि अपनी 10वीं बोर्ड की परीक्षा देकर एग्जाम सेंटर से बाहर निकल रहा था, तभी कुछ लड़कों ने उस पर हमला कर दिया. घायल हालत में उसके सहपाठियों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
इलाके के CCTV फुटेज खंगाले
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके के CCTV फुटेज खंगाले और हमले में शामिल आठ नाबालिग लड़कों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया. सभी आरोपियों की उम्र 14 से 15 साल के बीच बताई जा रही है. पुलिस ने उन्हें जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया है. शुरू जांच में सामने आया है कि मृतक और एक आरोपी के बीच पहले से विवाद चल रहा था. 27 फरवरी और 2 मार्च को परीक्षा के दौरान दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. बताया गया कि परीक्षा के दौरान घूरने और बाद में गाली देने को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई थी. इसके बाद आरोपियों ने हमले की योजना बनाई और शुक्रवार को परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते समय ऋषि पर हमला कर दिया.
जमीन विवाद मामला
गौरतलब है कि इससे 48 घंटे पहले ही मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में जमीन विवाद को लेकर 10वीं की बोर्ड परीक्षा देने जा रहे दो भाई-बहनों की रिश्तेदारों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी. इसी बीच सागर जिले में एक अन्य मामले में 12वीं की छात्रा पर कटर से हमला करने के आरोपी 19 साल के युवक की लाश रविवार को मकरोनिया इलाके के पास रेलवे ट्रैक पर मिली. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.