मुजफ्फरनगर में पंकज मलिक पर अनिल कुमार का पलटवार:कहा- ‘गुंडा’ कहना गलत

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में राजनीतिक तापमान फिर बढ़ गया है। सपा विधायक पंकज मलिक द्वारा कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार पर की गई टिप्पणी के बाद मंत्री ने सोमवार को पुरकाजी में आयोजित कार्यक्रम में जोरदार पलटवार किया।

अनिल कुमार ने कहा कि विधायक ने उनके लिए “गुंडा” शब्द का इस्तेमाल किया है, लेकिन क्या कोई भी व्यक्ति उन्हें गुंडा मान सकता है? उन्होंने अपने और परिवार के ऊपर कोई बड़ा आपराधिक मामला दर्ज नहीं होने का भी जिक्र किया।

मंत्री ने परिवार का बचाव किया

अनिल कुमार ने कहा कि उनके पूरे परिवार पर आज तक कोई गंभीर अपराध दर्ज नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि परिवार पर धारा 323, 324 या 151 जैसे मामूली मामलों तक की कोई एफआईआर गंभीरता से दर्ज नहीं हुई।

मंत्री ने आरोप लगाया कि दलित समाज का एक व्यक्ति कैबिनेट मंत्री बन गया है, यह कुछ लोगों को बर्दाश्त नहीं हो रहा। उनका कहना था कि यह केवल राजनीतिक बयानबाजी है और जनता सब कुछ देख और समझ रही है।

सपा और पुरकाजी का चुनावी इतिहास भी किया उजागर

सभा में अनिल कुमार ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पुरकाजी विधानसभा सीट का इतिहास देखें तो सपा कभी दूसरे स्थान पर भी नहीं पहुंची। यहां या तो बसपा जीतती रही है या भाजपा।

मुस्लिम वोट नहीं, सभी वर्गों का सहयोग बताया

मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ लोग प्रचार कर रहे हैं कि वे मुस्लिम वोटों की वजह से मंत्री बने हैं। लेकिन उन्होंने कहा कि वे सभी वर्गों के सम्मान और सहयोग से यहां तक पहुंचे हैं और यही उनकी सफलता का आधार है।