मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर में एक सिरफिरे युवक ने बेजुबान स्ट्रीट डॉग के साथ ऐसी क्रूरता दिखाई कि उसकी जान ही चली गई। यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
चरथावल थाना क्षेत्र में रविवार को पंकज पाल नाम का युवक अचानक एक स्ट्रीट डॉग को पकड़कर बेरहमी से जमीन पर पटकने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक ने कई बार कुत्ते को उठाकर जमीन पर पटका, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और तड़पने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो उन्होंने तुरंत विरोध जताया और पुलिस को सूचना दी।
इलाके वालों में दिखा भारी रोष
घायल कुत्ते को उपचार के लिए स्थानीय पशु चिकित्सक के पास ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण रास्ते में ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया और इलाके में आरोपी के खिलाफ भारी रोष देखने को मिला।
सीसीटीवी में कैद हो गई वारदात
बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक किस तरह बेजुबान जानवर के साथ बेरहमी कर रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पंकज पाल के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसके यहां दबिश मारने पर आरोपी फरार हो गया।
ड्राइवर का काम करता है पंकज पाल
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि चरथावल थाना क्षेत्र का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति कुत्ते के साथ बेहद क्रूरता करता दिख रहा है। आरोपी पंकज पाल के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी ड्राइवर का काम करता है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।