टाटा की सबसे महंगी इलेक्ट्रिक कार सड़क पर उतरी! Tata Avinya की पहली झलक आई सामने

टाटा मोटर्स भारतीय इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) मार्केट में अपना एकछत्र राज कायम किए हुए है, लेकिन अब कंपनी अपने सबसे महत्वाकांक्षी और प्रीमियम प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह तैयार है. टाटा की आने वाली सबसे फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक SUV ‘Tata Avinya’ को पहली बार भारतीय सड़कों पर टेस्टिंग करते हुए देखा गया है. पूरी तरह से कैमोफ्लाज (छिपे हुए) अवतार में नजर आई इस कार ने ऑटोमोबाइल जगत में सनसनी फैला दी है. यह कार टाटा के मौजूदा EV पोर्टफोलियो में सबसे ऊपर स्थित होगी और ब्रांड के लिए एक नए प्रीमियम दौर की शुरुआत करेगी.

पहली बार दिखी टाटा की सबसे लग्जरी कार की झलक
भले ही टेस्टिंग मॉडल को पूरी तरह से ढक कर रखा गया था, लेकिन इसके बावजूद कार के स्लीक और फ्यूचरिस्टिक बॉडी शेप को साफ देखा जा सकता है. फ्रंट में बंद ग्रिल वाला सीलबंद चेहरा (Sealed-Off Face) और बंपर के किनारों पर वर्टिकल शेप में स्टैक्ड लाइटिंग एलिमेंट्स नजर आते हैं. इसमें बेहद पतले DRLs दिए जाने की उम्मीद है. कार का लंबा व्हीलबेस, छोटा फ्रंट ओवरहैंग और पीछे की तरफ धीरे से झुकती हुई रूफलाइन इसे बेहद एयरोडायनामिक और स्पॉटी लुक देती है.

लग्जरी फीचर्स और एयरोडायनामिक डिजाइन
साइड प्रोफाइल को ध्यान से देखने पर बड़े एयरोडायनामिक एलॉय व्हील्स और चौड़ी बॉडी क्लैडिंग साफ दिखाई देती है. कार में मॉडर्न ‘फ्लश डोर हैंडल्स’ दिए गए हैं, जो कार के अंदर धंस जाते हैं और इसे काफी क्लीन लुक देते हैं. हालांकि, रियर-व्यू मिरर (ORVMs) पारंपरिक तरीके से दरवाजों पर ही दिए गए हैं. बड़े रियर डोर्स इस बात का सीधा संकेत देते हैं कि इस इलेक्ट्रिक कार का केबिन अंदर से बेहद रियर-सीट फ्रेंडली और हवादार होने वाला है.

JLR के प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी यह कार
Tata Avinya प्रोजेक्ट में पिछले कुछ समय में काफी बड़े और तकनीकी बदलाव देखे गए हैं. पहले खबरें थीं कि यह पहली बार JLR के आर्किटेक्चर पर बनेगी, लेकिन अब टाटा मोटर्स ने पुष्टि की है कि पहला मॉडल चेरी-जेएलआर (Chery-JLR) द्वारा निर्मित फ्रीलांडर (Freelander) प्लेटफॉर्म पर आधारित होगा. इस प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल से कार की हैंडलिंग, मजबूती और प्रीमियम फील बिल्कुल इंटरनेशनल लेवल की होने वाली है.

बैटरी, रेंज और लॉन्च टाइमलाइन का अंदाजा
कंपनी ने अभी तक आधिकारिक स्पेसिफिकेशंस का खुलासा नहीं किया है, लेकिन ऑटो रिपोर्ट्स के मुताबिक Avinya में 65 kWh से 80 kWh क्षमता वाला बड़ा बैटरी पैक मिल सकता है. यह बड़ा बैटरी पैक इसे एक बार चार्ज करने पर बेहतरीन ड्राइविंग रेंज प्रदान करेगा. इस सीरीज का पहला मॉडल ‘Avinya X’ नाम से बाजार में आने की संभावना है. टाटा इसे सिर्फ एक कार नहीं, बल्कि एक पूरा प्रीमियम EV परिवार बनाने की योजना बना रहा है. इस फ्लैगशिप मॉडल के 2027 तक लॉन्च होने की उम्मीद जताई जा रही है.