मध्यप्रदेश में खाने में पालक की सब्जी नहीं बनाई तो बौखला गया पति, गर्भवती पत्नी को घसीटा, बेरहमी से हत्या

खरगोन: मध्यप्रदेश के खरगोन जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली सी बात पर पति ने अपनी गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना चैनपुर थाना क्षेत्र के जमदा गांव की है। आरोपी सुनील ने अपनी 25 साल की पत्नी शीला बाई की सिर्फ इसलिए जान ले ली क्योंकि उसने दोपहर के खाने में उसकी पसंद की पालक की सब्जी नहीं बनाई थी। पत्नी का कहना था कि खाना बन चुका है और वह पालक बाद में बना देगी, लेकिन इसी बात पर विवाद इतना बढ़ा कि सुनील आपा खो बैठा।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, गुस्से में पागल पति अपनी पत्नी को घसीटते हुए घर के पीछे खेत में ले गया और कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन पर वार कर दिए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के समय घर पर कोई और सदस्य मौजूद नहीं था।

हत्या के बाद रिश्तेदार के पास गया आरोपी
हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या करने के बाद आरोपी खुद अपने एक रिश्तेदार के पास गया और पूरी कहानी सुनाई। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी हाल ही में महाराष्ट्र से मजदूरी करके लौटा था और उनके तीन और पांच साल के दो छोटे बच्चे भी हैं।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। मृतका के मायके वालों ने गांव पहुंचकर भारी हंगामा किया और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग की। स्थिति बिगड़ती देख गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करनी पड़ी। पुलिस ने शनिवार को आरोपी सुनील को गिरफ्तार कर लिया और कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से अच्छे संबंध थे, लेकिन इस सनकी व्यवहार ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।