राजस्थान में बहुप्रतीक्षित पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा आज से शुरू हो रही है। यह परीक्षा 13 और 14 सितंबर को आयोजित होगी, जिसमें 5 लाख 24 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रदेशभर में परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों और प्रशासन दोनों स्तर पर जोर-शोर से तैयारियां की गई हैं।
राजस्थान पुलिस ने इस परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए मल्टी सिक्योरिटी लेयर तैयार की है। पुलिस मुख्यालय से सीधे सभी 21 जिलों के परीक्षा केंद्रों की निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जाएंगे ताकि किसी भी तरह की नकल या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का दुरुपयोग न हो सके।
उत्तर-पश्चिम रेलवे की ओर से भी अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने जानकारी दी कि 11 शहरों से विशेष ट्रेनों का संचालन 12 से 14 सितंबर तक किया जाएगा। इन ट्रेनों में बीकानेर-चूरू स्पेशल गाड़ी भी शामिल है, जो श्रीडूंगरगढ़ और रतनगढ़ स्टेशनों पर रुकेगी। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी तरह की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
एडीजी (भर्ती बोर्ड) विपिन कुमार पांडे और एडीजी (एसओजी) वीके. सिंह ने बताया कि यह भर्ती परीक्षा कुल 10 हजार पदों के लिए हो रही है। इन पदों में कॉन्स्टेबल, ड्राइवर सहित अन्य श्रेणियां शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया के लिए कुल 5 लाख 24 हजार 740 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
शनिवार 13 सितंबर को होने वाली परीक्षा एक ही पारी में आयोजित होगी। यह परीक्षा दोपहर 3 से 5 बजे तक चलेगी, जिसमें 1 लाख 5 हजार 846 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनके लिए 9 शहरों के 280 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
रविवार 14 सितंबर को परीक्षा दो पारी में आयोजित की जाएगी। पहली पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इस पारी में 2 लाख 9 हजार 987 उम्मीदवार शामिल होंगे। इनके लिए 21 शहरों में 582 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। वहीं, दूसरी पारी दोपहर 3 से 5 बजे तक होगी, जिसमें 2 लाख 8 हजार 907 उम्मीदवार 21 शहरों के 580 परीक्षा केंद्रों पर शामिल होंगे।