सावधान! यूपी में खत्म हुई राहत की फुहार, इन जिलों में चलेगी ‘लू’, पारा छुएगा 40

UP Weather Update: अगर आप सोच रहे हैं कि पिछले दिनों हुई झमाझम बारिश जैसा सुहावना मौसम आगे भी उत्तर प्रदेश में बना रहेगा, तो आप गलत हैं. मौसम विभाग (IMD) ने साफ कर दिया है कि अब ‘कूल-कूल’ दिन खत्म हो गए हैं और ‘धूप’ का प्रचंड प्रहार शुरू होने वाला है. कल यानी 12 अप्रैल को यूपी के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी के साथ-साथ तेज पछुआ हवाएं चलेंगी, जो शरीर को झुलसाने वाली लू का अहसास कराएंगी. आने वाले दिनों में राजधानी लखनऊ समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40°C के पार पहुंचने की संभावना है.

इन जिलों में ‘लू’ का अलर्ट
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार 12 अप्रैल को यूपी के कई जिलों में तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी. खासकर दोपहर के समय मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बरेली, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया में लू चलने की प्रबल संभावना है. इन जिलों के लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

लखनऊ और कानपुर का हाल: पारा पहुंचेगा 40 के पार
राजधानी लखनऊ में कल का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, लेकिन आने वाले हफ्ते में यह 40 डिग्री के पार चला जाएगा. वहीं कानपुर में भी आसमान साफ रहने से तेज धूप खिलेगी. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पिछले तीन दिनों में ही तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है. अब जो पछुआ हवाएं 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थीं, उनकी गति 12 अप्रैल के बाद धीमी हो जाएगी, जिससे उमस और तपिश में इजाफा होगा.

नोएडा और गाजियाबाद में बारिश को कहें अलविदा
दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में बारिश का दौर पूरी तरह खत्म हो चुका है. मौसम विभाग के संकेत साफ हैं कि अब यहां भीषण गर्मी झेलने के लिए तैयार हो जाएं. 12 अप्रैल को आसमान पूरी तरह साफ रहेगा और तेज धूप के साथ शुष्क हवाएं चलेंगी. गाजियाबाद में हालांकि AQI में सुधार हुआ है और यह 100 से नीचे दर्ज किया गया है, लेकिन तापमान अब 30 डिग्री से ऊपर की ओर भागेगा. 13 अप्रैल से वेस्ट यूपी के इन शहरों में गर्मी अपना असली रंग दिखाना शुरू करेगी.

ताजनगरी आगरा और पूर्वांचल का मौसम
ताजनगरी आगरा में पारा पहले ही 33 डिग्री को पार कर चुका है और 16 अप्रैल तक इसके 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है. वहीं पूर्वांचल की बात करें तो गोरखपुर, देवरिया और बस्ती में शनिवार की तरह रविवार को भी चमकदार धूप निकलेगी. दोपहर के वक्त गर्म हवाओं के थपेड़े महसूस होंगे. प्रयागराज और वाराणसी में भी गंगा किनारे की नमी अब उमस में बदल सकती है क्योंकि हवा की दिशा बदलने और आसमान साफ रहने से सूरज की किरणें सीधे जमीन पर असर डालेंगी.

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी शुरू होगा ‘लू’ का तांडव
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी लू का तांडव देखने को मिलेगा. रात में बादलों के छंटने और तेज सर्द हवाओं के चलने से पारा गिर सकता है. दिन में भी तेज हवा चलने के आसार हैं. फिलहाल, वर्षा होने की संभावना नहीं है। 12 अप्रैल को मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, बरेली, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में तेज गर्म हवाएं चल सकती हैं. हालांकि, बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है.

क्यों बढ़ रही है अचानक इतनी गर्मी?
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल प्रदेश में कोई भी नया ‘वेदर सिस्टम’ सक्रिय नहीं है. जब आसमान में बादल नहीं होते, तो सूरज की किरणें सीधे धरती पर आती हैं, जिससे सतह जल्दी गर्म हो जाती है. 12 अप्रैल तक अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री की क्रमिक वृद्धि देखी जाएगी. उत्तर और पश्चिमी दिशा से आने वाली हवाएं अब ठंडी नहीं बल्कि गर्म होकर आएंगी, जिससे लू जैसी स्थिति पैदा होगी.

सेहत का रखें खास ख्याल
मौसम में अचानक आए इस बदलाव से बीमार होने का खतरा बढ़ गया है. डॉक्टरों का कहना है कि सुबह-शाम की हल्की ठंडक और दोपहर की भीषण तपिश शरीर के तापमान को असंतुलित कर सकती है.

बाहर निकलते समय सूती कपड़े पहनें.
पानी भरपूर पिएं और शरीर को हाइड्रेटेड रखें.
सिर को ढककर ही धूप में निकलें.
खासकर बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखें क्योंकि लू का असर उन पर जल्दी होता है.