वैशाख की शुरुआत से ही सूर्यदेव अपना कड़ा रूप दिखाने लगे. पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ा है, जिससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि इस बार गर्मी जल्दी और ज्यादा असरदार तरीके से दस्तक दे रही है.
तापमान में लगातार बढ़ोतरी
मौसम के बदलते मिजाज के बीच तापमान लगातार ऊपर चढ़ रहा है. दिन के समय तेज धूप और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करने लगी है, जिससे आम जनजीवन पर भी असर पड़ रहा है.
मौसम रहेगा पूरी तरह शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. सुबह से ही सूरज की तपिश महसूस होगी और दिन चढ़ने के साथ गर्मी और ज्यादा बढ़ जाएगी.
राज्य में 35 से 38 डिग्री तक पारा
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आज पूरे प्रदेश का तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. दोपहर के समय तेज धूप और लू जैसी स्थिति लोगों को अधिक परेशान कर सकती है.
अगले 72घंटों में तापमान में बड़ा उछाल
IMD की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, अगले 72 घंटों में बिहार के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है. इससे गर्मी का असर और भी ज्यादा तेज हो जाएगा.
लू और तेज हवाओं का असर
मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने चेतावनी दी है कि आने वाले तीन से चार दिनों में कई जिलों में हीट वेव का असर देखने को मिलेगा. हवा की गति 30 से 40 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि नमी कम होने से गर्मी महसूस होगी.
पश्चिमी विक्षोभ का सीमित असर
15-16 अप्रैल के बीच हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के संकेत हैं. हालांकि इसका असर बिहार में बहुत कम देखने को मिलेगा, लेकिन आंशिक बादल छाने से तापमान में हल्की गिरावट संभव है.