मुजफ्फरनगर में CM योगी का मेगा शो; 10 हजार नौकरियां

मुजफ्फरनगर: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर आज योगी आदित्यनाथ मुजफ्फरनगर और सहारनपुर पहुंच रहे हैं. इस दौरान मुख्यमंत्री मुजफ्फरनगर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहां वे सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित नुमाइश ग्राउंड में वृहद रोजगार मेले का उद्घाटन करेंगे. इस रोजगार मेले के जरिए 10 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जो क्षेत्र के लिए एक बड़ी पहल मानी जा रही है.

क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी भी विशेष रूप से शामिल होंगे. दोनों नेता मंच साझा करते हुए युवाओं को संबोधित करेंगे और सरकार की रोजगार संबंधी योजनाओं की जानकारी देंगे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नुमाइश ग्राउंड में आयोजित सभा को संबोधित करेंगे, जहां वे प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं पर भी प्रकाश डालेंगे. इसके अलावा मुख्यमंत्री अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे, जो सांस्कृतिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

सीएम के आने से प्रशासन सतर्क
मुख्यमंत्री का यह दौरा लगभग 2 घंटे का रहेगा, जिसमें वे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे. उनके आयगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है. सुरक्षा के मद्देनजर नुमाइश ग्राउंड और आसपास के क्षेत्रों में कड़े इंतजाम किए गए हैं. भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना लागू की गई है.

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार
इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. यह दौरा न केवल रोजगार के अवसरों के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, बल्कि पश्चिमी यूपी में राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टि से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.