मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के मीरापुर थाना क्षेत्र में एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। यह घटना 18 अप्रैल 2026 की शाम को हुई, जिसके बाद घायल युवक का मेरठ के हेल्थ केयर हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कासमपुर खोला निवासी जॉनी ने मीरापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके भाई मोहित पुत्र संजू 18 अप्रैल 2026 की शाम लगभग 8 बजे साइकिल से जानवर चराकर अपने गांव लौट रहे थे। जब मोहित अजब सिंह पुत्र स्वराज की ट्यूबवेल के सामने पहुंचे, तो वहां रणवीर पुत्र हुकुम सिंह ने उन्हें रुकने के लिए कहा।
मोहित के न रुकने पर रणवीर ने उन पर गोली चला दी, जिससे वे घायल हो गए। परिजन तुरंत मोहित को उपचार के लिए मेरठ के हेल्थ केयर हॉस्पिटल ले गए। मीरापुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा ने बताया कि पीड़ित के भाई के शरीर पर गोली लगने के आधार पर 19 अप्रैल की रात को आरोपी रणवीर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।