सावधान! अब रातें भी होंगी ‘बेचैन’, पूर्वी-पश्चिमी यूपी में गर्मी का ‘रेड अलर्ट’

UP Weather Update Today: उत्तर प्रदेश के लोगों को अगले कुछ दिन तक भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. बुंदेलखंड के बांदा और झांसी में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास है. राज्य के कई हिस्सों पर लू का अलर्ट जारी किया गया है. आईएमडी की मानें तो आगरा, वाराणसी, प्रयागराज, सुलतानपुर, बाराबंकी, बहराइच, शाहजहांपुर और हरदोई समेत कई शहरों में पारा सामान्य से कई डिग्री सेल्सियस ऊपर है. आने वाले दिनों में हवाओं की गति तेज होगी और दिन के साथ रात में भी गर्मी सताएगी. लिहाजा, लोगों को अब दिन के साथ रात में भी सावधान रहने की आवश्कता है. राज्य में बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है.

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का तांडव जारी है. 21 अप्रैल 2026 को लेकर मौसम विभाग (IMD) ने प्रयागराज, वाराणसी और बांदा समेत 26 जिलों में भीषण लू का अलर्ट जारी किया है. वहीं, मेरठ और सहारनपुर जैसे पश्चिमी जिलों में ‘वॉर्म नाइट’ की चेतावनी दी गई है, जिससे अब रातें भी झुलसाने वाली होंगी. आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार, प्रयागराज में पारा 44.6 डिग्री के पार पहुंच गया है, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक है.

21 अप्रैल को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज जैसे जिलों में लू का असर सबसे ज्यादा रहेगा. इसके अलावा, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जैसे पश्चिमी जिलों में ‘वॉर्म नाइट’ का अलर्ट है, जहां रात का तापमान भी 25 से 28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. फिलहाल अगले एक हफ्ते तक इस प्रचंड गर्मी से राहत के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे प्रदेशवासियों को अब और भी अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है.

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिकों का कहना है कि वर्तमान में कोई भी सक्रिय मौसमी सिस्टम ऐसा नहीं है जिसकी वजह से यूपी में बारिश हो. हालांकि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 23 अप्रैल से हिमालयी क्षेत्रों में दस्तक देने वाला है, लेकिन मैदानी इलाकों, विशेषकर उत्तर प्रदेश में इसका असर न के बराबर रहने की संभावना है. लखनऊ मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पछुआ जेट स्ट्रीम और शुष्क हवाओं के कारण वातावरण में नमी की भारी कमी हो गई है, जिससे ‘हीट इंडेक्स’ बढ़ गया है.