राजस्थान में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी से बेहाल लोग, पारा पहुंचा 45 डिग्री पार, 15 जिलों में IMD का बड़ा अलर्ट

राजस्थान में सूरज के तीखे तेवर अब जानलेवा साबित हो रहे हैं. मरुधरा के कई जिलों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस की दहलीज को लांघ चुका है, जिससे पूरा प्रदेश भट्टी की तरह तप रहा है. मौसम विभाग ने अगले 48 से 72 घंटों के लिए भारी चेतावनी जारी की है, जिसमें तापमान के अभी और बढ़ने के संकेत दिए गए हैं.

बता दें कि शनिवार को पश्चिमी राजस्थान में गर्मी ने पिछले कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए. बाड़मेर में तापमान सामान्य से 5.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया. बाड़मेर 45.7°C, जैसलमेर 44.9°C, बीकानेर 44.5°C, जोधपुर 44.4°C, कोटा 44.3°C और चित्तौड़गढ़ में 44.2°C पारा बना रहा है. वहीं जयपुर और अलवर में भी पारा 41.8 डिग्री के साथ बेचैन कर रहा है.

वहीं मौसम केंद्र जयपुर ने उत्तर-पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के कई जिलों के लिए लू की चेतावनी जारी की है. इन क्षेत्रों में गर्म हवाओं के थपेड़े जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित करेंगे.प्रमुख जिलों में करौली, नागौर, बीकानेर, चूरू, जैसलमेर, फलौदी, सीकर, अलवर, भरतपुर, दौसा और झुंझुनूं हैं.

भीषण गर्मी के बीच राहत की एक हल्की किरण भी नजर आ रही है. एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल सकता है. 26 से 29 अप्रैल के बीच प्रदेश के कुछ हिस्सों में दोपहर बाद धूलभरी आंधी और मेघगर्जन के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने से तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है.