जबलपुर. देश का दिल कहे जाने वाले मध्य प्रदेश (MP Weather News) में नौतपा जैसा अहसास और सावन की पहली दस्तक एक साथ कदम रख रही है. कहीं तेज धूप से जनजीवन अस्त-व्यस्त है, तो कहीं तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है. आज यानी 25 जून 2026 को बादलों की गड़गड़ाहट और झोंकेदार हवाओं के बीच मध्य प्रदेश के कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. मौसम के उथल-पुथल के बीच आज सीहोर जिला बदलाव का सबसे बड़ा केंद्र बना है, जहां मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. सीहोर और उसके आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं गरज-चमक और तीव्र वज्रपात के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की संभावना है.
मौसम विभाग ने आज 42 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. इनमें भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, इंदौर, सतना, विदिशा, सागर, रायसेन, राजगढ़, नर्मदापुरम, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, बैतूल, झाबुआ, धार, रतलाम, दमोह, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, अनूपपुर, शहडोल, शाजापुर, मंडला, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, नरसिंहपुर, देवास, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, पन्ना, मैहर, छतरपुर और पांढुर्णा शामिल हैं. इन जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
इस जिले में दिखेगा लू का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, आज मुरैना, नीमच, भिंड, श्योपुर, मंदसौर, रीवा और सिंगरौली जैसे कुछ जिले शुष्क रहेंगे. विंध्य क्षेत्र का सीधी जिला सूरज की भीषण तपिश से झुलस रहा है, जहां आज लू चलने की संभावना जताई गई है.
मध्य प्रदेश में कब दस्तक देगा मानसून?
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल मानसून की रफ्तार धीमी है लेकिन जून माह के अंतिम दिनों में यह तेजी से बढ़ते हुए पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा. ऐसे में अगले तीन से चार दिनों में इसके प्रदेश में दस्तक देने की संभावना बन रही है.
आम नागरिकों के लिए सलाह
1. गरज-चमक के दौरान घर में रहें. किसी कारणवश बाहर जाना पड़े, तो पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें.
2. बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें.
3. आंधी-तूफान के दौरान खुले मैदानों और खेतों में काम करने से बचें. पेड़ों, बिजली की तारों और निर्माण स्थलों से दूर रहें.
4. वाहन चलाते समय स्पीड हल्की रखें और स्टीयरिंग पर मजबूत पकड़ बनाए रखें.
5. कंक्रीट की दीवारों का सहारा लेने या फिर कंक्रीट फर्श पर लेटने से बचें.
पशुपालकों के लिए सलाह
1. पशुओं को खुले मैदान, तालाब, नदी या जल स्रोतों के पास न छोड़ें.
2. रात के समय सभी पशुओं को सुरक्षित और संरक्षित शेड में रखें.
3. दोपहर के समय ज्यादा गर्मी में पशुओं को खुली चराई के लिए न छोड़ें.
4. पशुओं के लिए पर्याप्त पेयजल और छायादार स्थान की व्यवस्था करें.
5. आकाशीय बिजली गिरने और तूफान के दौरान पशुओं को पेड़ों के नीचे न बांधें.
गर्मी से बचाव के उपाय
1. पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और शरीर को हाइड्रेट रखें.
2. दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें.
3. हल्के रंग के सूती और ढीले-ढाले कपड़े पहनें.
4. धूप में बाहर निकलते समय सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें.