बहरोड़। जयपुर-दिल्ली नेशनल हाईवे संख्या 48 पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। कांकर दोपा फ्लाईओवर के ऊपर डस्ट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से एक कार जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के आयानगर निवासी 22 वर्षीय आशीष अपने साथी 31 वर्षीय प्रदीप निवासी धौलपुर के साथ जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कांकर दोपा फ्लाईओवर पर आगे चल रही डस्ट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में कार पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एयरबैग खुलने से बची जान
दुर्घटना के दौरान कार के एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे ड्राइवर और उसके साथी की जान बच गई। दोनों युवकों को मामूली चोटें आईं, लेकिन कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ। एयरबैग के चलते बड़ा हादसा टल गया।
एनएचएआई और पुलिस टीम पहुंची मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम और कोटपूतली-बहरोड़ जिले की चेतक पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत स्थिति को संभाला और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया।
कार हटाने के बाद हाईवे पर यातायात को सुचारू रूप से शुरू कराया गया। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालते हुए वाहनों की आवाजाही सामान्य करवाई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण कार की तेज रफ्तार और आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली का अचानक रुकना बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।