Himachal Pradesh Panchayati Raj Elections: गुजरात में निकाय चुनाव के नतीजे आज सामने आए. राज्य के सभी नगर निगमों में बीजेपी ने शानदार जीत हासिल की है. कांग्रेस और आप को इस चुनाव में बड़ा झटका लगा है. जहां एक ओर गुजरात के निकाय चुनाव के नतीजे मंगलवार (28 अप्रैल) को घोषित किए गए, तो वहीं देश के एक और राज्य में पंचायती राज चुनाव की तारीखों की घोषणा की गई है. जहां पर तीन चरणों में चुनाव कराए जाएंगे.
दरअसल, हम बात कर रहे हैं हिमाचल प्रदेश की. जहां पर राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायती राज चुनाव के शेड्यूल की घोषणा कर दी है. जानकारी के अनुसार, राज्य में पंचायती राज चुनाव तीन चरणों में होंगे. इसके लिए 26 मई, 28 मई और 30 मई की तिथि निर्धारित की गई है. आइए आपको पंचायती राज चुनाव का पूरा शेड्यूल बताते हैं…
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव की तारीखों का ऐलान
हिमाचल प्रदेश के राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची की ओर से पंचायती राज चुनाव की घोषणा मंगलवार (28 अप्रैल) को कर दी गई. 26 मई, 28 मई और 30 मई को वोटिंग होनी है. उन्होंने बताया कि मतदान के लिए सुबह 7 बजे से दोपहर तीन बजे तक का समय तय किया गया है. इसमें ग्राम पंचायत से संबंधित मत पत्रों की गिनती को तुरंत ग्राम पंचायत मुख्याल में की जाएगी. वहीं, पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गणना 31 मई को सुबह 9 बजे विकास खंड मुख्यालय पर होगी.
कितने पदों पर होंगे चुनाव?
हिमाचल प्रदेश के राज्य चुनाव के अनुसार, राज्य के 3754 ग्राम पंचायतों में तीन चरणों में वोटिंग होनी है. इस बार पंचायत चुनाव में 50 लाख 79 हजार 48 वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. राज्य चुनाव आयुक्त के अनुसार, प्रदेश में 21,654 पंचायत वार्ड सदस्य, 1769 पंचायत समिति सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्यों के लिए चुनाव होना है. बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 31,214 पदों में से 15,656 महिलाओं के लिए आरक्षित हैं.
नतीजे कब आएंगे?
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों की तारीखों का ऐलान करते हुए राज्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 7,8 और 9 मई को चुनाव के लिए उम्मीदवार नामांकन दाखिल करेंगे. वहीं,नामांकन पत्रों की छंटनी 12 मई को होनी है. 14 और 15 मई को उम्मीदवार नाम वापस ले पाएंगे. इसके बाद 26, 28 और 30 मई को वोटिंग होगी. ग्राम पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के लिए हुई वोटिंग की गितनी उसी दिन पंचायत मुख्यालय में होगी. वहीं, पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के लिए हुई वोटिंग की गिनती 31 मई को होगी.