PhonePe Makes History: कुछ साल पहले डिजिटल पेमेंट दूर की कौड़ी लगता था, लेकिन आज के दौर में यह लोगों और कारोबारियों की लाइफलाइन बन चुका है. इसी बदलाव के बीच डिजिटल प्लेटफॉर्म PhonePe ने एक बड़ा मुकाम हासिल किया है. PhonePe ने 28 अप्रैल 2026 तक अपने प्लेटफॉर्म पर 50 मिलियन (5 करोड़) से अधिक रजिस्टर्ड मर्चेंट्स का आंकड़ा पार कर लिया है. ये उपलब्धि भारत में फाइनेंशियल इंक्लूजन और डिजिटाइजेशन को और गहराई तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
देश में पैर पसार चुका है PhonePe
कंपनी ने बताया कि उसका मर्चेंट नेटवर्क अब देश के 98% से अधिक पिनकोड्स तक फैल चुका है. ये दर्शाता है कि वो केवल पेमेंट्स तक सीमित नहीं है बल्कि एक फुल-स्टैक फाइनेंशियल और बिजनेस सॉल्यूशंस इकोसिस्टम बन चुका है. शुरुआत QR कोड आधारित पेमेंट एक्सेप्टेंस से हुई थी. अब लोन, SmartSpeakers और पॉइंट ऑफ सेल डिवाइसेज जैसी सेवाओं तक विस्तार कर चुकी है.
QR कोड से शुरू हुआ था सफर
PhonePe ने इस ग्रोथ का श्रेय छोटे व्यापारियों के लिए एंट्री बैरियर को कम करने पर दिए गए लगातार फोकस को दिया है. खासकर नॉन-मेट्रो बाजारों में. कंपनी के बिजनेस ऐप, लोकल लैंग्वेज सपोर्ट और मजबूत ऑन-ग्राउंड सेल्स व पार्टनर नेटवर्क की मदद से किराना स्टोर्स और छोटे व्यवसायों को कैश-बेस्ड सिस्टम से डिजिटल सिस्टम की ओर लाने में मदद मिली है.
इस मौके पर PhonePe के मर्चेंट बिजनेस के चीफ बिजनेस अफसर युवराज सिंह शेखावत ने कहा कि 50 मिलियन मर्चेंट्स तक पहुंचना हमारे लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. ये भारत में फाइनेंशियल सर्विसेज को और अधिक सुलभ बनाने के हमारे प्रयास को दर्शाता है. कई लोगों के लिए ये सफर एक QR कोड से शुरू हुआ था, लेकिन अब डिजिटल पेमेंट्स क्रेडिट सहित औपचारिक सेवाओं के व्यापक दायरे में प्रवेश का जरिया बन चुके हैं.
कंपनी ने कहा कि उसका बढ़ता हुआ मर्चेंट सॉल्यूशंस पोर्टफोलियो पेमेंट्स के साथ-साथ वर्किंग कैपिटल जरूरतों को भी पूरा करने पर केंद्रित है. इससे व्यवसायों को स्केल करने और अर्थव्यवस्था से जुड़ने में मदद मिल रही है.