हल्द्वानी: बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात ‘असानी’ का असर हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में खूब देखने को मिला। इसकी वजह से सुबह के समय तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई। करीब डेढ़ घंटे तक मौसम के बदले मिजाज से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। मौसम वैज्ञानिकों ने समय से पहले मानसून के दस्तक देेने का अनुमान लगाया है। वहीं बारिश थमने के बाद ठंड महसूस होने लगी लेकिन दोपहर में धूप में उमस और गर्मी में इजाफा हुआ।
मौसम का मिजाज बदला रहा आसमान में छाए बादल बारिश होने का अहसास करा रहे थे। मंगलवार सुबह से ही सुबह करीब 10:15 बजे तेज हवाओं के चलने के बाद मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के अनुसार तापमान अधिकतम 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड दर्ज किया गया। एक घंटे में 5.5 एमएम बारिश हुई । गुल रही बिजली: उधर गौलापार क्षेत्र में तार टूटने से बिजली सप्लाई ठप हो गई। यहां के लोगों ने ढाई घंटे तक कटौती का सामना करना पड़ा। बारिश को देखते हुए टीम को अलर्ट रहने को कहा गया है।
समय से एक हफ्ते पहले पहुंच सकता है मानसून
मई माह की शुरूआत से हो रही बारिश ने गर्मी में राहत दी है। मौसम वैज्ञानिकों ने समय से पहले मानसून के दस्तक देेने का अनुमान लगाया है। जीबी पंत कृषि विवि पंतनगर के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया देश में 1 जून को मानसून आता है। इस बार 20 मई को ही केरल में मानसून आ सकता है। चक्रवाती तूफान ने मानसून को ज्यादा मजबूत बना दिया है। डॉ. सिंह ने बताया कि कुमाऊं क्षेत्र में 15 जून तक मानसून की दस्तक हो सकती है। बारिश के सीजन में अच्छी वर्षा होने के आसार भी बन रहे हैं।
चक्रवात असानी के प्रभाव की वजह से बारिश हुई है। कुछ दिन और पहाड़ों में बारिश व तेज हवा चलने की संभावना है। इस बार 20 मई को मानसून केरल में दस्तक दे सकता है।
डॉ. आरके सिंह, वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक, पंतनगर विवि।