हरियाणा में कुदरत का करिश्मा, सिरसा और भिवानी में बरसे ओले; जानें आज कैसा रहोगा मौसम

हिसार। हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट लेकर गर्मी के तेवर ठंडे कर दिए हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार को जहां सिरसा और भिवानी में ओलावृष्टि हुई, वहीं देर रात तक प्रदेश के 11 जिलों में वर्षा दर्ज की गई। हिसार, फतेहाबाद, हांसी, चरखी दादरी और महेंद्रगढ़ के साथ करनाल, पानीपत, रोहतक और जींद में वर्षा और तेज हवाओं का असर देखने को मिला, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को राहत मिली।

इन 11 जिलों में बरसा पानी: रविवार देर रात सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, हांसी, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, करनाल, पानीपत, रोहतक और जींद में वर्षा और तेज हवाओं का असर दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में तेज आंधी और अंधड़ के साथ बारिश हुई। सिरसा और भिवानी में ओले गिरने से मौसम पूरी तरह बदल गया।

तेज हवाओं के साथ अच्छी वर्षा दर्ज
इसके बाद देर रात हिसार और महेंद्रगढ़ के सतनाली क्षेत्र में भी तेज हवाओं के साथ अच्छी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा झज्जर, गुरुग्राम, नूंह (मेवात), पलवल और फरीदाबाद में भी आंधी-अंधड़ और गरज-चमक के साथ मौसम बिगड़ने की संभावना बनी रही। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूरे क्षेत्र में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। अधिकतर स्थानों पर रात का तापमान 17 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है, जबकि दिन का तापमान 31 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य से कम है।

जिला न्यूनतम तापमान (°C) अधिकतम तापमान (°C)
अंबाला 18.7 33.2
हिसार 23.9 35.8
करनाल 24.0 32.6
महेंद्रगढ़ 22.0 37.0
रोहतक 20.8 35.4
सिरसा 27.4 35.4
चरखी दादरी 24.2 36.3
यमुनानगर 24.1 31.8

महेंद्रगढ़ और हिसार में भी तापमान सामान्य से नीचे दर्ज महेंद्रगढ़-हिसार में भी तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा, हिसार में अधिकतम 35.8 और न्यूनतम 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं अंबाला का न्यूनतम तापमान सबसे कम 18.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते गर्मी के तेवर नरम रहेंगे और बीच-बीच में मौसम में बदलाव होता रहेगा।