यमुनानगर: हरियाणा के यमुनानगर के थानाछप्पर के कूलपुर इलाके में पुलिस और गैंगस्टरों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत फैल गई. जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी. यही बदमाश पहले भूरे के माजरा गांव में पूर्व सरपंच के घर 15 राउंड फायरिंग कर चुका था. घायल की पहचान पानीपत निवासी अमन के रूप में हुई है.
दरअसल, यमुनानगर पुलिस ने एक ऐसे बदमाश का एनकाउंटर किया है जिसकी अपराधिक कुंडली काला राणा और नोनी राणा से जुड़ी है. 22 अप्रैल 2026 कि अल सुबह रादौर क्षेत्र के भूरे के माजरा गांव के पूर्व सरपंच के घर पर फायरिंग कर तीन बदमाश फरार हो गए थे. यमुनानगर की तमाम टीमें इन तीनों बदमाशों को पकड़ने के लिए लगी थी. हालांकि, लेकिन यमुनानगर पुलिस को पता चला कि इनमें से एक बदमाश अमन एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देने आ रहा है.
पुलिस को सूचना मिली कि अमन नाम का बदमाश थाना छप्पर के गांव कूलपुर के पास खड़ा है. पुलिस ने जब उसे पकड़ना चाहा तो उसने पुलिस की टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. दोनों तरफ से करीब 15 राउंड फायरिंग हुई. इनमें से एक गोली बदमाश के बाएं पैर में लगी. पुलिस की टीमें बदमाश अमन को लेकर यमुनानगर के सिविल अस्पताल पहुंची. डीएसपी रजत गुलियां ने बताया कि बदमाश का नाम अमन है और वह पानीपत का रहने वाला है. भूरे के माजरा गांव के पूर्व सरपंच पर फायरिंग करने वाले तीन बदमाशों में से एक है. यह काला राणा गैंग से जुड़ा हुआ है. पुलिस को उसके पास से एक बाइक एक पिस्तौल और कुछ जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं.
अब पुलिस बदमाश से गहनता से पूछताछ करेगी और फायरिंग की वजह भी जानने की कोशिश की जाएगी. गौरतलब है कि 22 अप्रैल को तीनों बदमाश फायरिंग कर फरार हो गए थे, जिसका एक सीसीटीवी भी सामने आया था.