कैथल: कैथल के पूंडरी क्षेत्र में एक मकान में लगे गैस कनेक्शन पर खाना बनाते समय अचानक ब्लास्ट हो गया. यह कनेक्शन एक दिन पहले ही लिया गया था. धमाका इतना तेज था कि घर के बाहर मौजूद परिवार के सदस्यों तक इसकी आवाज पहुंची. गनीमत रही कि उस समय रसोई में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
रसोई में मचा अफरा-तफरी: मकान मालिक रमेश कुमार ने बताया कि, “परिवार की महिलाएं खाना बनाकर दूसरे काम में व्यस्त थीं. तभी जोरदार धमाका हुआ. जब हम अंदर पहुंचे तो गैस चूल्हा जल रहा था और खाना चारों तरफ बिखरा हुआ था. रसोई का सामान भी अस्त-व्यस्त हो गया था. इस घटना से घर में दहशत का माहौल बन गया.”
कैथल में खाना बनाते समय फटा PNG गैस कनेक्शन
एजेंसी की लापरवाही पर सवाल: घटना के बाद रमेश कुमार ने गैस एजेंसी को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा. उन्होंने आरोप लगाया कि काफी इंतजार के बाद एक कर्मचारी आया, लेकिन बिना सही जांच किए यह कहकर चला गया कि गैस का फ्लो ज्यादा होने से ब्लास्ट हुआ है. इसके बाद भी कोई तकनीकी टीम समस्या ठीक करने नहीं पहुंची.
पुलिस में दी शिकायत: एजेंसी की लापरवाही से नाराज होकर मकान मालिक ने पूंडरी चौकी में शिकायत दर्ज करवाई. चौकी इंचार्ज ऋषि ने बताया कि, “हमें शिकायत मिली है. एजेंसी अधिकारियों को मामले की जानकारी दी जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है.”
बड़ा हादसा टला: हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन यदि उस समय कोई रसोई में मौजूद होता तो गंभीर नुकसान हो सकता था.